प्रयागराज: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने राज्यभर के 465 स्कूलों पर बड़ी कार्रवाई की है. बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 और 2025-26 के लिए इन सभी स्कूलों की मान्यता रद्द कर दी है.
ADVERTISEMENT
बोर्ड ने सख्त कदम उन स्कूलों पर उठाया है जहां पिछले दो सालों से सन्नाटा पसरा हुआ था. नियमों के मुताबिक, जिन स्कूलों में लगातार दो साल तक न तो कोई छात्र परीक्षा में बैठा और न ही वहां कोई क्लास चली, उनकी मान्यता खत्म कर दी गई है.
क्यों लिया गया यह फैसला?
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि कार्रवाई नियमों के तहत की गई है. इंटरमीडिएट एजुकेशन एक्ट, 1921 के नियमों के मुताबिक, अगर किसी स्कूल में लगातार दो साल तक एक भी छात्र परीक्षा में शामिल नहीं होता है या वहां क्लास नहीं चलती हैं, तो उस स्कूल की मान्यता अपने आप खत्म मानी जाती है.
इन्हीं शर्तों को पूरा न करने की वजह से प्रदेश के 465 स्कूलों की मान्यता स्वतः ही समाप्त हो गई है और सभी संबंधित स्कूलों को इस फैसले की जानकारी दे दी गई है.
इन बड़े शहरों के स्कूल भी शामिल
- प्रयागराज: 25 स्कूल
- कानपुर नगर: 20 स्कूल
- अलीगढ़: 14 स्कूल
- लखनऊ: 14 स्कूल
- आगरा: 12 स्कूल
- मथुरा: 11 स्कूल
- फिरोजाबाद: 10 स्कूल
अभिभावकों के लिए जरूरी सलाह
बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने कहा कि स्कूल प्रबंधकों और संचालकों को इस नियम की अच्छी तरह से जानकारी होती है. इसके साथ ही उन्होंने माता-पिता को सलाह दी है कि वे अपने बच्चों का दाखिला कराने से पहले स्कूलों की जांच अच्छी तरह कर लें, ताकि उनका साल खराब न हो. जिन स्कूलों की मान्यता रद्द हो चुकी है, उनमें भूलकर भी एडमिशन न लें.
ADVERTISEMENT










