Lucknow-Kanpur Expressway: लखनऊ और कानपुर के बीच का सफर आसान बनाने के लिए शुरू हुए लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड एक्सप्रेसवे (NE-6) पर अब गाड़ी दौड़ाना जेब पर थोड़ा भारी पड़ने वाला है. 13 जुलाई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस चमचमाते एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया था, उसकी शुरुआत के आठवें दिन ही एनएचएआई ने टोल टैक्स बढ़ा दिया है.
ADVERTISEMENT
सोमवार रात 12 बजे से लागू हुई नई दरों के बाद अब अलग-अलग गाड़ियों के लिए टोल में 5 रुपये से लेकर 80 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई है. सिर्फ यही नहीं, लखनऊ-हरदोई हाईवे पर भी सफर अब महंगा हो गया है. NHAI का कहना है कि टोल बढ़ाने का प्रस्ताव पहले से ही मुख्यालय में लंबित था, जिसे अब लागू किया गया है.
किस गाड़ी पर कितना बढ़ा टोल टैक्स
अगर आप कार या एसयूवी से सफर कर रहे हैं तो अब आपको एक तरफ के सफर के लिए 285 रुपये के बजाय 290 रुपये चुकाने होंगे. वहीं दोनों तरफ की यात्रा के लिए टोल 425 रुपये से बढ़कर 440 रुपये हो गया है.
कार, जीप, वैन और एसयूवी
- एक तरफ: 290 रुपये (पहले 285 रुपये)
- दोनों तरफ (24 घंटे में): 440 रुपये (पहले 425 रुपये)
- मासिक पास: 9,740 रुपये (पहले 9,450 रुपये)
हल्के व्यावसायिक वाहन (LCV) और मिनी बस
- एक तरफ: 470 रुपये (पहले 460 रुपये)
- दोनों तरफ: 710 रुपये (पहले 685 रुपये)
- मासिक पास: 15,735 रुपये (पहले 15,270 रुपये)
बस और 2-एक्सल ट्रक
- एक तरफ: 990 रुपये (पहले 960 रुपये)
- दोनों तरफ: 1,485 रुपये (पहले 1,440 रुपये)
- मासिक पास: 32,965 रुपये (पहले 31,990 रुपये)
3-एक्सल कमर्शियल वाहन
- एक तरफ: 1,080 रुपये (पहले 1,045 रुपये)
- दोनों तरफ: 1,620 रुपये (पहले 1,570 रुपये)
- मासिक पास: 35,965 रुपये (पहले 34,900 रुपये)
भारी निर्माण मशीनरी (HCM) / MAV (4 से 6 एक्सल)
- एक तरफ: 1,550 रुपये (पहले 1,505 रुपये)
- दोनों तरफ: 2,325 रुपये (पहले 2,260 रुपये)
- मासिक पास: 51,700 रुपये (पहले 50,170 रुपये)
विशालकाय वाहन (7 या अधिक एक्सल)
- एक तरफ: 1,890 रुपये (पहले 1,830 रुपये)
- दोनों तरफ: 2,830 रुपये (पहले 2,750 रुपये)
- मासिक पास: 62,935 रुपये (पहले 61,075 रुपये)
महंगाई से बचने का क्या है स्मार्ट ऑप्शन?
अगर आप रोजाना या बार-बार इस रूट पर यात्रा करते हैं तो बढ़ा हुआ टोल आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है, लेकिन एनएचआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर नकुल प्रकाश वर्मा ने यात्रियों के लिए एक काम की सलाह दी है.
उन्होंने बताया कि Fastag का 3,075 रुपये वाला वार्षिक पास इस रूट पर सफर को बेहद किफायती बना देता है. इस पास का इस्तेमाल करने पर एक तरफ की यात्रा का खर्च महज 15 रुपये के आसपास आता है, जो टोल की सामान्य दरों के मुकाबले बहुत बड़ा फायदा है.
रोडवेज बस सेवा भी शुरू
टोल बढ़ोतरी के बीच आम यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि परिवहन निगम ने इस 63 किमी लंबे एक्सप्रेसवे पर रोडवेज की साधारण बसों के संचालन को हरी झंडी दे दी है. आलमबाग बस टर्मिनल से कानपुर के झकरकटी बस स्टेशन तक का प्रति यात्री किराया 151 रुपये तय किया गया है.
पुराने हाईवे के मुकाबले एक्सप्रेसवे से सफर करने पर किराया 28 रुपये ज्यादा लगेगा (पुराना किराया 123 रुपये है), लेकिन इससे यात्रियों का 30 से 40 मिनट का कीमती समय बचेगा. इसी हफ्ते से सुबह से रात तक हर घंटे बसों का संचालन शुरू हो जाएगा.
ADVERTISEMENT











