दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी बवाल और प्रदर्शन के बीच सोशल मीडिया पर हाथ में लाठी लहराते एक युवक का वीडियो वायरल हो रहा है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने इस वीडियो को अपने आधिकारिक X हैंडल से शेयर करते हुए आरोप लगाया है कि बीजेपी से जुड़ा यह शख्स आंदोलन का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है. वीडियो में दिख रहे युवक का नाम अभिषेक ठाकुर बताया जा रहा है. विरोधियों का दावा है कि वह यूपी का एक शातिर अपराधी है जिसके खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हैं. आखिरकार कौन है यह अभिषेक ठाकुर, क्या है इसका राजनीतिक कनेक्शन और इसकी क्राइम कुंडली?
ADVERTISEMENT
जंतर-मंतर बवाल के बीच वायरल हुआ लाठी वाला वीडियो
जंतर-मंतर पर एक तरफ प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की तस्वीरें आ रही हैं. दूसरी तरफ सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.इसी बीच हाथ में लाठी लिए घूमते अभिषेक ठाकुर का वीडियो सामने आया. दावा किया जा रहा है कि अभिषेक ने खुद अपने इंस्टाग्राम हैंडल से 'रेडी फॉर कॉकरोच' कैप्शन के साथ इस वीडियो को पोस्ट किया था.कॉकरोच जनता पार्टी ने पोस्ट कर दिल्ली पुलिस से कार्रवाई की मांग की और इसे बीजेपी से जुड़ा गुंडा बताया.
कौन है अभिषेक ठाकुर?
सोशल मीडिया पर खुद को सनातनी और युवा हिंदू धर्म प्रचारक बताने वाला अभिषेक ठाकुर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले का रहने वाला है. वह रायबरेली की बछरावां विधानसभा क्षेत्र के शिवगढ़ थानांतर्गत कुंभी गांव का रहने वाला है. अभिषेक खुद को राजपूत करणी सेना (यूपी) का युवा प्रदेश उपाध्यक्ष बताता है.
वर्तमान में वह दिल्ली-एनसीआर में रहकर कंटेंट क्रिएशन का काम करता है और समय-समय पर अपने गांव रायबरेली जाता रहता है.सोशल मीडिया पर उसकी बीजेपी के कई बड़े संगठन और सरकार से जुड़े नेताओं के साथ तस्वीरें भी देखी जा सकती हैं. अभिषेक ठाकुर पहले भी अपने विवादित बयानों और हरकतों की वजह से सुर्खियों में रह चुका है. आईपीएल के दौरान बांग्लादेशी खिलाड़ियों को भारत में खिलाने का विरोध करते हुए उसने अभिनेता शाहरुख खान को पीटने तक की धमकी दे डाली थी.वह सोशल मीडिया पर अक्सर भड़काऊ भाषण देने, तलवारें लहराने और विवादित रील बनाने के लिए जाना जाता है. फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली को लेकर भी उसने विवादित दावा किया था.
अभिषेक ठाकुर की क्राइम कुंडली
रायबरेली से मिली जानकारी के मुताबिक, अभिषेक ठाकुर का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है. उसके खिलाफ रायबरेली के शिवगढ़ थाने में आपराधिक मामले दर्ज हैं. जंतर-मंतर पर हुए इस घटनाक्रम के बाद अब खुद को सनातन का रक्षक बताने वाले ऐसे चेहरों और उनकी हरकतों पर कई तरह के गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
ADVERTISEMENT











