26 दिनों तक चली भूख हड़ताल के बाद सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही उन्होंने यह फैसला लिया. देर रात करीब साढ़े 11 बजे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह उनसे मिलने पहुंचे. इस दौरान लद्दाख की एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT
इससे पहले अलग-अलग राजनीतिक दलों के करीब 65 सांसद वांगचुक से मिलने पहुंचे थे. सांसदों ने साइन कर उनसे अनशन समाप्त करने की अपील की और भरोसा दिलाया कि संसद में NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कराई जाएगी. बाद में सरकार की ओर से पहुंचे मंत्रियों ने भी इसी आश्वासन को दोहराया.
वांगचुक की चल रही थी सरकार से बातचीत
सोनम वांगचुक ने बताया कि पिछले दो दिनों से सरकार के साथ उनकी लगातार बातचीत चल रही थी. उन्होंने साफ कहा था कि केवल मौखिक नहीं, बल्कि लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही वह अपना अनशन समाप्त करेंगे. इसी वजह से बातचीत में दो दिन ज्यादा लगे और उन्हें दो दिन और भूख हड़ताल जारी रखनी पड़ी. उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ती तो वह और लंबे समय तक अनशन जारी रखने के लिए भी तैयार थे. आखिरकार सरकार ने उन्हें लिखित आश्वासन सौंप दिया, जिसके बाद उन्होंने अपना अनशन खत्म कर दिया.
सरकार ने लिखित आश्वासन में क्या कहा?
सरकार की ओर से दिए गए लिखित आश्वासन में तीन प्रमुख बातें शामिल हैं.
- जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले लोगों और 20 जुलाई को संसद मार्च में शामिल लोगों के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया जाएगा.
- संसद में पेपर लीक रोकने और परीक्षा प्रणाली में सुधार के मुद्दे पर चर्चा होगी, ताकि इसका स्थायी समाधान निकाला जा सके.
- हाल में NEET पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा देने के विषय पर सरकार सकारात्मक रूप से विचार करेगी.
सांसदों और लद्दाख की एपेक्स बॉडी का जताया आभार
अनशन समाप्त करने के बाद सोनम वांगचुक ने लद्दाख की एपेक्स बॉडी के उन सभी नेताओं का धन्यवाद किया, जो उनके समर्थन में लद्दाख से दिल्ली पहुंचे थे. उन्होंने उन सभी सांसदों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनसे मुलाकात कर अनशन खत्म करने की अपील की.
वांगचुक ने कहा कि 26 दिनों के लंबे अनशन के बाद आज उन्हें पहली बार कुछ खाने को मिला. उन्होंने कहा कि यह स्वाद बेहद अच्छा लगा, लेकिन भूख का अपना कोई स्वाद नहीं होता.
ADVERTISEMENT











