Vindhya Expressway: उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में विकास की गति को रफ्तार देने के लिए लगतार एक्सप्रेसवे बना रही है. राज्य सरकार ने प्रयागराज से सोनभद्र तक 333 किलोमीटर लंबे छह लेन विंध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी दे दी है. यह एक्सप्रेसवे भदोही के ज्ञानपुर, मीरजापुर के चुनार, सोनभद्र के राबर्ट्सगंज और रेणुकूट से होते हुए छत्तीसगढ़ की सीमा बभनी तक बनाया जाएगा.
ADVERTISEMENT
राज्य सरकार ने यह फैसला 21 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई एक कैबिनेट बैठक के दौरान लिया है. इसके साथ ही 117 किलोमीटर लंबे विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे को भी हरी झंडी दिखाई गई है. इन दोनों परियोजनाओं से प्रदेश में निवेश, रोजगार और विकास को बढ़ावा मिलेगा.
333 किलोमीटर लंबा होगा विंध्य एक्सप्रेसवे
यह एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेसवे के अंतिम छोर प्रयागराज से शुरू होगा. इसके बाद यह भदोही के ज्ञानपुर, मीरजापुर के चुनार, सोनभद्र के राबर्ट्सगंज और रेणुकूट से होते हुए छत्तीसगढ़ की सीमा बभनी तक बनाया जाएगा. यह छह लेन का बड़ा एक्सप्रेसवे होगा, जिसे भविष्य में जरूरत पड़ने पर आठ लेन तक बढ़ाया जा सकता है.
एक्सप्रेसवे के निर्माण का पूरा खर्च
विंध्य एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट की कुल लागत लगभग 26,315 करोड़ रुपये तय की गई है. इसमें 18,514 करोड़ रुपये सड़क बनाने खर्च होंगे. इसके साथ ही 4,613 करोड़ रुपये जमीन खरीदने पर खर्च किए जाएंगे. सरकार ने इस पूरे बड़े प्रोजेक्ट को तीन साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है, जिससे लोगों को जल्द इसका फायदा मिल सके.
विंध्य को मिलेगी विकास की रफ्तार
उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने एक्स पर जानकारी साझा करते हुए लिखा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट की बैठक में प्रयागराज से सोनभद्र तक 333 किलोमीटर लंबे छह लेन विंध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई.
₹26,315 करोड़ की लागत से बनने वाला यह एक्सप्रेसवे विंध्य क्षेत्र में औद्योगिक विकास, पर्यटन, कृषि और निवेश को नई गति देगा। साथ ही यात्रा समय में कमी, बेहतर कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार मिलेगा.
लिंक एक्सप्रेसवे को भी मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता वाली कैबिनेट बैठक ने मंगलवार को एक और बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने 117 किलोमीटर लंबे विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे को भी मंजूरी दे दी है. यह नया विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे गाजीपुर के पखनपुरा से शुरू होकर चंदौली से होते हुए मीरजापुर के चुनार तक जाएगा. इसे बनाने के लिए 9,039 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. यह लिंक एक्सप्रेसवे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और नए विंध्य एक्सप्रेसवे को आपस में जोड़ेगा.
यह भी पढ़ें: यूपी में वरुणा नदी के किनारे बनेगा 43 किमी का नया एलिवेटेड कॉरिडोर, पेट्रोल-डीजल की होगी बचत
ADVERTISEMENT











