UP Weather Update: मेरठ, मथुरा, प्रयागराज, वाराणसी समेत इन 15+ जिलों में 23 जुलाई को होगी मॉनसून की जोरदार बारिश

आशुतोष चौबे

• 01:49 PM • 22 Jul 2026

उत्तर प्रदेश में कल यानि 23 जुलाई को मानसून के असर से कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है. भारी वर्षा को देखते हुए पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.

UP Heavy Rain Forecast

UP Heavy Rain Forecast

Google CTA

UP Heavy Rain Forecast: उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता के बीच कल यानि 23 जुलाई को कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के लखनऊ केन्द्र ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारों का पूर्वानुमान जारी किया है. इसके साथ ही कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, दोनों क्षेत्रों के संभागों में अनेक स्थानों पर बारिश होने की बहुत संभावना है.

यह भी पढ़ें...

पश्चिमी यूपी में यहां बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक कल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संभागों में अनेक स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. विभाग ने पश्चिमी यूपी के मेरठ, शामली, बागपत, बिजनौर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा और हाथरस समेत कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है. इन जिलों में मौसम को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है. बारिश के दौरान तेज हवाओं और बिजली गिरने जैसी स्थिति को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है.

पूर्वी यूपी के कई जिलों में भी येलो अलर्ट

पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 23 जुलाई को बारिश का असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी यूपी के संभागों में अनेक स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली और संत रविदास नगर (भदोही) समेत कई जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है. इन जिलों के लिए भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.
 

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

बारिश के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर आगे भी जारी रह सकता है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. लोगों को सलाह दी गई है कि जलभराव वाले क्षेत्रों और निचले इलाकों में जाने से बचें, तेज बारिश के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें. गरज-चमक और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े न हों. फिसलन भरी सड़कों पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें. मौसम विभाग लगातार प्रदेश के मौसम की निगरानी कर रहा है और येलो अलर्ट वाले जिलों में स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. लोगों से मौसम अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.

 

किसानों के लिए विशेष सलाह

लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. कृषि विशेषज्ञों ने खेतों से अतिरिक्त पानी जल्द निकालने, भारी बारिश के दौरान उर्वरकों के इस्तेमाल से बचने और फसलों में रोगों की लगातार निगरानी करने को कहा है. किसानों को सलाह दी गई है कि मिट्टी के अनुकूल होने के बाद ही खाद का प्रयोग करें, खराब पौधों को हटाकर दोबारा रोपाई करें और सब्जी, फल एवं अन्य फसलों में जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखें. बारिश के बाद लाल सड़न, शीर्ष बेधक, उकठा, फाइटोफ्थोरा और कॉलर रॉट जैसे रोगों की पहचान कर समय पर नियंत्रण करना जरूरी है.