'हमें पति के प्यार से ज्यादा...' अमरोहा में 3 बहनों ने एक युवक से की शादी और पहली बार बता दी ये 'सच्चाई'

बीएस आर्य

• 09:01 AM • 24 Jul 2026

Amroha Viral Wedding: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में तीन सगी बहनों ने एक ही युवक से शादी करने का दावा किया है. वायरल वीडियो पर उठे विवाद के बीच बहनों और युवक ने शादी की वजह बताई, जबकि मंदिर प्रशासन ने शादी कराने से इनकार किया. जानिए पूरा मामला.

Amroha News

Amroha News

Google CTA

Amroha Viral Wedding: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से सामने आए एक मामले ने सोशल मीडिया के साथ-साथ धार्मिक और सामाजिक हलकों में भी बहस छेड़ दी है. जिले के हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के धोरिया गांव की रहने वालीं रील बनाने वाली तीन सगी बहनों सरोज, सावित्री और संतोष ने एक ही युवक से शादी करने का दावा किया है. शादी का वीडियो वायरल होने के बाद इस पूरे मामले पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं.

यह भी पढ़ें...

वीडियो में तीनों बहनें युवक के साथ अग्नि के फेरे लेती, सिंदूर लगवाती और मंदिर परिसर में आशीर्वाद लेती दिखाई दे रही हैं. वीडियो वायरल होते ही कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे महज व्यूज और लोकप्रियता हासिल करने के लिए किया गया स्टंट बताया. वहीं, विवाद बढ़ने के बाद तीनों बहनों और उनके पति ने एक नया वीडियो जारी कर साफ कहा कि उनकी शादी पूरी तरह वास्तविक है और यह फैसला उन्होंने अपनी इच्छा से लिया है.

'अलग-अलग शादी मंजूर नहीं थी, इसलिए एक ही फैसला लिया'

जारी वीडियो में तीनों बहनों ने कहा कि उनके परिवार वाले उनकी शादी अलग-अलग जगह तय कर रहे थे. उनके मुताबिक, एक बहन के लिए सरकारी नौकरी करने वाला लड़का भी तय हो गया था, लेकिन बचपन से तीनों हमेशा साथ रही हैं और एक-दूसरे से अलग रहने की कल्पना भी नहीं कर सकती थीं.

बहनों ने कहा, "हम तीनों बचपन से हर समय साथ रही हैं. हमने एक साथ खाना खाया, साथ जीवन बिताया. जब हमारे लिए ऐसा कोई परिवार नहीं मिला, जहां तीन भाई हों, तब हमारे सामने सिर्फ दो रास्ते थे. या तो हम तीनों साथ मर जाएं या फिर एक ही व्यक्ति से शादी करके हमेशा साथ रहें."

'हमें पति के प्यार से ज्यादा बहनों का साथ चाहिए'

तीनों बहनों ने वीडियो में यह भी कहा कि लोग पूछ रहे हैं कि एक पति तीन पत्नियों के साथ कैसे रहेगा या भविष्य में विवाद कैसे नहीं होगा. इस पर उनका कहना था कि उन्हें पति के प्यार की नहीं, बल्कि एक-दूसरे के साथ की जरूरत है. उन्होंने कहा, "हम तीनों का आपसी रिश्ता दुनिया की हर चीज से बढ़कर है. अगर भविष्य में हमारे पति हमें छोड़ भी दें, तब भी हम तीनों साथ ही रहेंगी. यह कोई मजाक या कंटेंट बनाने की कोशिश नहीं है. हमने परिवार की सहमति और अपनी इच्छा से शादी की है."

पति ने भी बताई अपनी बात

तीनों बहनों से शादी करने का दावा करने वाले युवक ने भी वीडियो में अपनी बात रखी. उसने कहा कि तीनों बहनें एक-दूसरे से अलग होने के बजाय अपनी जान देने की बात कर रही थीं. इसी वजह से उसने उनसे शादी करने का फैसला लिया.

युवक ने कहा, "इनकी स्थिति ऐसी थी कि ये अलग होने के बजाय मरना पसंद कर रही थीं. मैंने सिर्फ इसलिए शादी की ताकि ये तीनों हमेशा एक साथ रह सकें. लोग पूछ रहे हैं कि मैं इनसे प्यार कैसे करूंगा, लेकिन इन्हें मेरे प्यार की जरूरत ही नहीं है. ये आपस में ही बेहद खुश हैं."

मंदिर प्रशासन ने शादी कराने से किया इनकार

शादी का वीडियो सामने आने के बाद मामला और विवादित हो गया है. वीडियो में हसनपुर नगरपालिका के चेयरमैन और कुछ स्थानीय महिलाएं भी दिखाई दे रही हैं. हालांकि, जिस चामुंडा मंदिर में शादी होने का दावा किया जा रहा है, वहां के पुजारियों ने कहा है कि मंदिर परिसर में इस तरह की किसी शादी की आधिकारिक रस्म नहीं कराई गई.

हिंदू संगठनों ने जताया विरोध

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय हिंदू संगठनों ने इस घटना पर आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि यह परंपराओं के खिलाफ है. दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग इसे फर्जी शादी और पब्लिसिटी स्टंट बता रहे हैं. हालांकि, तीनों बहनों का कहना है कि यह उनकी जिंदगी का वास्तविक फैसला है. फिलहाल चारों लोग मीडिया के सामने सीधे आने से बच रहे हैं.