यूपी में आंधी-तूफान की वजह से 80 से ज्यादा लोगों की मौत के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लामिदिर पुतिन ने दिया अपना रिएक्शन

Putin on UP cyclone: यूपी में आए भीषण आंधी-तूफान और बिजली गिरने से 89 लोगों की मौत हो गई. इस त्रासदी पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति संवेदना जताते हुए दुख व्यक्त किया.

Putin on UP cyclone

यूपी तक

• 08:00 PM • 14 May 2026

follow google news

Putin on UP cyclone: उत्तर प्रदेश में बुधवार शाम आए आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली ने जो तबाही मचाई है उसकी गूंज अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सुनाई दे रही है. यूपी में इस प्राकृतिक आपदा के कारण अब तक 89 लोगों की मौत हो चुकी है. इस भीषण त्रासदी पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का रिएक्शन सामने आया है. प्रेसिडेंट पुतिन ने एक्स पोस्ट पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी को एक मैसेज शेयर किया है.  इस पोस्ट में उन्होंने उत्तर प्रदेश में चक्रवात से हुई भारी जानमाल की हानि और तबाही पर अपनी गहरी संवेदनाएं जाहिर की हैं.

यह भी पढ़ें...

राष्ट्रपति पुतिन ने एक्स पर ये लिखा

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उत्तर प्रदेश के हालातों पर दुख जताते हुए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी को टैग करते हुए एक्स पोस्ट में लिखा 'उत्तर प्रदेश में चक्रवात से हुई भारी जानमाल की हानि और व्यापक तबाही पर मेरी गहरी संवेदनाएं स्वीकार करें.' खबर लिखे जाने तक अभी पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है.  

यूपी के तीन जिलों में सबसे ज्यादा तबाही

बुधवार शाम करीब 5:30 बजे अचानक बदले मौसम और तेज चक्रवाती हवाओं ने कई हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया. इस तूफान का सबसे भयावह रूप प्रयागराज में देखने को मिला जहां सबसे ज्यादा 17 लोगों की जान चली गई. भदोही में अलग-अलग हादसों में 15 लोगों की मौत हो गई और 8 लोग घायल हैं. भदोही के सुरियावां में एक मकान पर भारी पेड़ गिरने से मां और उसकी दो बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई. यहां 16 मवेशी भी काल के गाल में समा गए. मिर्जापुर में भी 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जिसमें सदर तहसील में 7 और चुनार में 3 लोग शामिल हैं. इसके अलावा कानपुर देहात, कौशांबी और सोनभद्र समेत कई जिलों में बिजली के खंभे गिरने और कच्चे मकान ढहने से भारी नुकसान हुआ है.

सीएम योगी ने 24 घंटे में मुआवजा देने का दिया निर्देश

इस भीषण आपदा का तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है. सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे खुद निकलकर जमीनी स्तर पर पीड़ितों से मुलाकात करें और नुकसान का सटीक आकलन करें.मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा है कि प्रभावितों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा मिल जाना चाहिए और इस कार्य में किसी भी स्तर पर पीड़ितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.