UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मॉनसून अपने एक्टिव मोड में है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने यूपी Tak से बातचीत में बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. खासकर नोएडा, गाजियाबाद, बिजनौर और आसपास के इलाकों में अगले कुछ घंटों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. लोगों को जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT
नोएडा और गाजियाबाद में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक, नोएडा और गाजियाबाद में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. लगातार बारिश के कारण जलभराव, ट्रैफिक जाम और निचले इलाकों में पानी भरने जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं. प्रशासन को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है.
कहां कितनी बारिश हुई?
गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार
बिजनौर: 306 मिमी बारिश (वेस्ट यूपी में सबसे ज्यादा)
नोएडा: 61.5 मिमी बारिश
गाजियाबाद: 55 मिमी बारिश
बारिश में 'मिमी' (mm) का क्या मतलब होता है?
मौसम विभाग बारिश को मिलीमीटर (mm) में मापता है. इसका मतलब होता है कि अगर बारिश का पूरा पानी किसी समतल जगह पर जमा हो जाए और कहीं बहकर न जाए, तो उसकी गहराई कितनी होगी.
उदाहरण के लिए:
10 मिमी बारिश का मतलब है कि जमीन पर 1 सेंटीमीटर पानी जमा हुआ.
50 मिमी बारिश को आमतौर पर भारी बारिश माना जाता है.
100 मिमी या उससे अधिक बारिश बहुत ज्यादा मानी जाती है.
306 मिमी बारिश का मतलब है कि एक दिन में करीब 30.6 सेंटीमीटर (करीब 1 फुट) पानी बरसा. यह बेहद भारी बारिश की श्रेणी में आता है.
यहां देखें अगले 7 दिनों का पूर्वानुमान
लोगों के लिए क्या है सलाह?
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें. जलभराव वाले इलाकों, बिजली के खंभों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें. वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखें.
ADVERTISEMENT











