यूपी-दिल्ली और उत्तरखंड के यात्रियों के लिए रेलवे ने चलाई ये स्पेशल ट्रेनें, कंफर्म सीट की टेंशन भी हो गई दूर

आयशा शेख़

• 04:00 PM • 29 Jul 2026

श्रावण और गुरु पूर्णिमा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने कई अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है.

UP Tak
Google CTA

UP Train News: त्यौहारों के इस सीजन में ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों और श्रद्धालुओं को बड़ा तोहफा दिया है. रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा के लिए श्रावणी और गुरु पूर्णिमा अनरिजर्व्ड स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. यानी अब आपको अचानक बनने वाले प्लान में कंफर्म सीट की चिंता करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

यह भी पढ़ें...

अलीगढ़ जंक्शन से राजघाट नरोरा स्पेशल ट्रेन

गंगा स्नान और धार्मिक आयोजनों के लिए राजघाट नरोरा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह ट्रेन काफी मददगार साबित होगी. ट्रेन नंबर 04187 (अलीगढ़ से राजघाट नरोरा) 29 जुलाई 2026 को अलीगढ़ जंक्शन से सुबह 05:40 बजे रवाना होगी और रास्ते के सभी स्टेशनों से होते हुए सुबह 07:15 बजे राजघाट नरोरा पहुंचेगी.

ट्रेन नंबर 04188 (राजघाट नरोरा से अलीगढ़) वापसी में 29 जुलाई 2026 को राजघाट नरोरा से सुबह 08:15 बजे खुलेगी और सुबह 09:55 बजे अलीगढ़ जंक्शन पहुंचेगी.

किन स्टेशनों पर रुकेगी?

मंजूरगढ़ी, हार्डुआगंज, सुनामई हॉल्ट, गोधा हॉल्ट, अतरौली रोड, धरमपुर हॉल्ट और डिबाई.

सूबेदारगंज - औंरिहार - प्रयागराज डेली स्पेशल ट्रेन

काशी-विश्वनाथ और प्रयागराज के संगम तट जाने वाले भक्तों के लिए रेलवे ने दैनिक अनरिजर्व्ड स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है. यह ट्रेन पूरे सावन माह में यात्रियों को बड़ी राहत देगी.

ट्रेन नंबर 01917 (सूबेदारगंज से औंरिहार जंक्शन) 29 जुलाई 2026 से 29 अगस्त 2026 तक रोजाना चलेगी. सूबेदारगंज से रात 21:30 बजे (09:30 PM) रवाना होकर प्रयागराज, बनारस और वाराणसी जंक्शन होते हुए रात 01:30 बजे औंरिहार जंक्शन पहुंचेगी.

ट्रेन नंबर 01918 (औंरिहार जंक्शन से प्रयागराज) 30 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 तक रोजाना औंरिहार जंक्शन से रात 01:55 बजे चलेगी और सुबह 06:25 बजे प्रयागराज पहुंचेगी.

किन-किन स्टेशनों से गुजरेगी?

यह ट्रेन प्रयागराज, प्रयागराज रामबाग, झूसी, हंडिया खास, ज्ञानपुर, माधोसिंह, बनारस, वाराणसी जंक्शन और वाराणसी सिटी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक और मुख्य स्टेशनों पर ठहराव लेगी.

कोच का प्रकार

इन दोनों ही स्पेशल ट्रेनों के सभी डिब्बे जनरल क्लास के होंगे. यानी यात्री स्टेशन से सामान्य टिकट (अनारक्षित टिकट) खरीदकर आसानी से इनमें सफर कर सकेंगे.