रिंकू सिंह से शादी पर प्रिया सरोज का बड़ा खुलासा, बताया कब और कहां लेंगे दोनों सात फेरे

यूपी तक

• 04:02 PM • 28 Jul 2026

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की शादी को लेकर नया अपडेट सामने आया है. सगाई के बाद पहली बार प्रिया ने बताया कि उनकी शादी लखनऊ या बनारस में हो सकती है और अलग से रिसेप्शन नहीं होगा. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि दोनों नवंबर या दिसंबर में चुनावी व्यस्तताओं से पहले सात फेरे ले सकते हैं.

Priya Saroj and Rinku Singh Wedding News

Priya Saroj and Rinku Singh Wedding News

Google CTA

Rinku Singh Priya Saroj Wedding News: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज की शादी को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है. सगाई के बाद पहली बार प्रिया सरोज ने अपनी शादी की तैयारियों, वेडिंग प्लान, परिवार की पसंद, रिंकू सिंह से पहली मुलाकात और अपनी लव स्टोरी के कई दिलचस्प पहलुओं पर खुलकर बात की है. उन्होंने बताया कि उनकी इच्छा गांव से शादी करने की थी, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए अब शादी लखनऊ या बनारस से होगी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि लखनऊ से ही शादी होने की ज्यादा उम्मीद है. साथ ही उन्होंने साफ किया कि शादी के बाद अलग से कोई रिसेप्शन आयोजित नहीं किया जाएगा. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि नवंबर या दिसंबर में, चुनावी से पहले दोनों सात फेरे ले सकते हैं.

यह भी पढ़ें...

गांव से शादी करने का सपना था

प्रिया सरोज ने बताया कि उनके परिवार की लगभग सभी शादियां गांव में हुई हैं और बचपन से उन्होंने उसी माहौल में विवाह समारोह देखे हैं. इसलिए उनका भी सपना था कि उनकी शादी गांव के घर से हो, जहां रिश्तेदारों और परिवार के बीच पारंपरिक तरीके से सभी रस्में निभाई जाएं. उन्होंने कहा, 'गांव से मेरा भावनात्मक जुड़ाव है. वहीं मेरा बचपन बीता और वहीं की यादें सबसे ज्यादा खास हैं. मैंने हमेशा सोचा था कि मेरी शादी भी गांव से होगी, लेकिन अब ऐसा संभव नहीं दिख रहा है.' उन्होंने बताया कि शादी बनारस या लखनऊ में हो सकती है. उनके मुताबिक बनारस उनके घर से करीब एक घंटे की दूरी पर है, जबकि लखनऊ करीब चार घंटे दूर है. फिलहाल लखनऊ से शादी होने की संभावना सबसे अधिक है.

अलग से रिसेप्शन नहीं होगा

प्रिया सरोज ने अपनी शादी से जुड़ा एक बड़ा फैसला भी साझा किया. उन्होंने कहा कि फिलहाल शादी के बाद अलग से रिसेप्शन रखने की कोई योजना नहीं है. उन्होंने कहा, 'हमारी कोशिश रहेगी कि शादी का कार्यक्रम ही ऐसा हो, जिसमें सभी रिश्तेदार, मित्र और शुभचिंतक शामिल हो सकें. उसी समारोह में सभी को बुलाया जाएगा, इसलिए अलग से रिसेप्शन की जरूरत नहीं पड़ेगी.' उन्होंने बताया कि इस फैसले के पीछे परिवार की इच्छा और समय की व्यस्तता दोनों अहम कारण हैं. ऐसे में शादी का मुख्य समारोह ही सबसे बड़ा आयोजन होगा.

चुनाव से पहले सात फेरे लेने की तैयारी

प्रिया सरोज ने बताया कि शादी के लिए नवंबर या दिसंबर का समय तय करने पर विचार चल रहा है. दीपावली के बाद शुभ मुहूर्त मिलने की संभावना है. उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों की व्यस्तता शुरू होने से पहले ही विवाह संपन्न कराने की योजना बनाई जा रही है, ताकि बाद में राजनीतिक कार्यक्रमों के बीच किसी तरह की परेशानी न हो. हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम तारीख दोनों परिवारों की सहमति और शुभ मुहूर्त के अनुसार तय की जाएगी. फिलहाल तैयारियां उसी दिशा में आगे बढ़ रही हैं.

एक इंस्टाग्राम लाइक से शुरू हुई थी लव स्टोरी

प्रिया सरोज ने अपनी लव स्टोरी का सबसे दिलचस्प किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि उनकी बहन फूड ब्लॉगिंग करती थीं और उनके फूड पेज के प्रमोशन के लिए किसी ने रिंकू सिंह का नाम सुझाया. इसी दौरान उन्होंने पहली बार इंस्टाग्राम पर रिंकू सिंह की प्रोफाइल देखी. उस समय रिंकू आईपीएल में पहचान बना चुके थे. प्रिया ने उनकी एक फोटो लाइक की और फिर इस बात को भूल गईं. कुछ समय बाद अचानक रिंकू सिंह की ओर से मैसेज आया और यहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई. उस समय प्रिया के इंस्टाग्राम पर करीब एक हजार फॉलोअर्स थे, जबकि रिंकू सिंह के करीब 1.20 लाख फॉलोअर्स थे.

शुरुआत में भाई करते थे चैट

प्रिया ने बताया कि शुरुआत में वह किसी अनजान व्यक्ति से सीधे बात करने में सहज नहीं थीं. इसलिए उन्होंने अपना फोन अपने भाई को दे दिया. करीब एक सप्ताह तक उनके भाई ही उनके अकाउंट से रिंकू सिंह से बातचीत करते रहे. दूसरी ओर, रिंकू सिंह की तरफ से क्रिकेटर नीतीश राणा भी बातचीत में जुड़े हुए थे. धीरे-धीरे दोनों परिवारों के बीच भरोसा बढ़ा और बातचीत आगे बढ़ती चली गई. इसके बाद दोनों परिवारों ने एक-दूसरे को समझने का समय लिया और रिश्ते की नींव मजबूत होती गई.

परिवार पहले तैयार नहीं था

प्रिया सरोज ने बताया कि जब उनकी बातचीत शुरू हुई थी, तब उनके मन में शादी या रिश्ते का कोई विचार नहीं था. उनका पूरा ध्यान न्यायिक सेवा की तैयारी पर था. उन्होंने रिंकू सिंह को साफ बता दिया था कि उनके पिता सरकारी नौकरी करने वाले लड़के को प्राथमिकता देते हैं. प्रिया के मुताबिक, 'मैंने रिंकू को बताया था कि मेरे परिवार की सोच अलग है. तब उन्होंने मुझसे पूछा, अगर मैं भारतीय टीम में चुन लिया गया तो क्या आपके पापा मान जाएंगे?' प्रिया ने उस समय जवाब दिया कि उनके पिता क्रिकेट को उस नजरिए से नहीं देखते और उनकी प्राथमिकताएं अलग हैं. बाद में आईपीएल और टीम इंडिया में रिंकू सिंह की सफलता के साथ हालात बदलते गए और परिवार भी इस रिश्ते के लिए तैयार हो गया.

परिवार ने पहले नहीं दी थी मंजूरी

प्रिया सरोज ने बताया कि उनके परिवार में पहले कभी लव मैरिज नहीं हुई थी और यह इंटरकास्ट विवाह भी है. इसलिए शुरुआत में परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया. उनके मुताबिक, जब उन्होंने पहली बार अपने पिता और केराकत विधायक तूफानी सरोज को रिंकू सिंह के बारे में बताया तो उन्होंने सबसे पहले उनकी जाति के बारे में पूछा और शुरुआती दौर में इस रिश्ते के लिए हामी नहीं भरी. हालांकि, समय के साथ बातचीत आगे बढ़ी और परिवार ने दोनों की इच्छा का सम्मान करते हुए शादी के लिए मंजूरी दे दी.

रिंकू को 'RK' कहकर बुलाती हैं प्रिया

इंटरव्यू में प्रिया ने यह भी बताया कि वह रिंकू सिंह को 'आरके (RK)' कहकर बुलाती हैं. उन्होंने कहा कि पूर्वांचल की परंपरा के अनुसार कई परिवारों में पत्नियां पति का नाम लेकर नहीं बुलातीं, इसलिए उन्होंने भी यही तरीका अपनाया है. उन्होंने यह भी बताया कि दोनों का स्वभाव बिल्कुल अलग है. जहां वह काफी बातूनी और मिलनसार हैं, वहीं रिंकू सिंह शांत स्वभाव के हैं और कम बोलना पसंद करते हैं. प्रिया के मुताबिक, दोनों का यही अलग-अलग स्वभाव उनके रिश्ते को और मजबूत बनाता है.
(आज तक के इनपुट से)