राहुल मावी उर्फ पहलवान पकड़ा गया… गाजियाबाद में जैद हत्याकांड का आरोपी अरेस्ट हुआ तो बोलने लगा ये बात

Zaid Murder Case Latest Update: गाजियाबाद के लोनी में मामूली एक्सीडेंट के बाद 18 वर्षीय जैद की मनीष प्रॉपर्टीज दफ्तर में पीट-पीटकर हत्या. मुख्य आरोपी राहुल मावी पहलवान गिरफ्तार. अनुज कसाना की तलाश में पुलिस की दबिश.

Zaid Murder Case Latest Update

Zaid Murder Case Latest Update

Zaid Murder Case Latest Update: गाजियाबाद के लोनी इलाके में हुई मोहम्मद जैद की हत्या ने पूरे पुलिस महकमे को हिलाकर रख दिया है. दोस्तो के साथ स्विमिंग पूल जा रहे जैद को कार सवार कुछ युवकों ने मिलकर इस तरह पीटा की उसकी मौत हो गई. इस हत्याकांड के बाद पुलिस ने इस खूनी खेल के मास्टरमाइंड और मुख्य आरोपी राहुल मावी उर्फ पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि उसका एक शातिर जोड़ीदार अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर अंधेरे में कहीं छिपा है. 

यह भी पढ़ें...

मामूली स्क्रैच और जाग गया अंदर का हैवान

पुलिस की गिरफ्त में आए मुख्य आरोपी राहुल मावी उर्फ पहलवान ने जो कबूलनामा किया है वो रोंगटे खड़े कर देने वाला है. वारदात वाले दिन राहुल मावी अपने साथी अनुज कसाना के साथ बलेनो कार में फल लेकर अपने मनीष प्रॉपर्टीज कार्यालय लौट रहा था. इसी दौरान गैस प्लांट चौराहे के पास स्विमिंग पूल में नहाने जा रहे जैद और उसके दो दोस्तों की मोटरसाइकिल से कार की हल्की सी टक्कर हो गई.

कार पर महज एक मामूली सा स्क्रैच आया था. लेकिन इसी स्क्रैच ने राहुल के अंदर के पहलवान को जगा दिया. जैद के परिवार वालों के आरोप के मुताबिक, आरोपियों ने सबसे पहले बच्चों को गालियां दीं और जैद का नाम पूछा. जैसे ही उसने अपना नाम जैद बताया राहुल और अनुज ने उसे जबरन कार में डाल लिया और करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित अपने दफ्तर मनीष प्रॉपर्टीज ले गए.

चप्पल बाहर उतरवाई और बंद दफ्तर में की मारपीट

मनीष प्रॉपर्टीज दफ्तर के बाहर आज भी उस खौफनाक दोपहर की गवाही देती हुई जैद की चप्पलें बाहर पड़ी हुई हैं. आरोपियों ने जैद से चप्पल बाहर उतरवाकर उसे अंदर लिया. बंद दफ्तर के भीतर कार के नुकसान की भरपाई के लिए पैसों की मांग की गई. जैद लगातार गिड़गिड़ाता रहा लेकिन अखाड़े में दांव-पेच आजमाने वाले भारी-भरकम शरीर के मालिक राहुल पहलवान को उस पर जरा भी रहम नहीं आई.

आरोपियों ने जैद को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह फर्श पर सुन्न होकर गिर पड़ा. पीछे-पीछे पैदल भागते हुए जब जैद के दोनों दोस्त दफ्तर पहुंचे तो आरोपियों ने जैद का एक वीडियो बनाया और दोस्तों को धमकी देकर लाश को बाहर फेंक दिया. दोस्त उसे आनन-फानन में अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

सीसीटीवी और सर्विलांस के जाल में फंसा मुख्य आरोपी

इस डार्क मर्डर मिस्ट्री की सूचना मिलते ही मृतक जैद के भाई शाकिर की तहरीर पर लोनी बॉर्डर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई. मामला बेहद संगीन होने के कारण पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. सर्विलांस और मैनुअल इनपुट का एक चक्रव्यूह तैयार कर मुख्य आरोपी राहुल मावी उर्फ पहलवान को दबोच लिया गया. राहुल के पिता का नाम जयवीर मावी है और वह शहबाजपुर के टीला गांव का रहने वाला है. वह प्रॉपर्टी डीलिंग का धंधा करता था.

शुरुआत में पुलिस ने हत्या के तहत मुकदमा दर्ज किया था. लेकिन पुख्ता सबूतों के आधार पर केस में कई और संगीन धाराएं बढ़ा दी गई हैं. पुलिस अब राहुल मावी का पुराना आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है.

हालांकि इस थ्रिलर कहानी का सस्पेंस अभी खत्म नहीं हुआ है. वारदात के समय राहुल के कंधे से कंधा मिलाकर जैद को मौत के घाट उतारने वाला उसका साथी अनुज कसाना अब भी फरार है. पुलिस की कई टीमें अनुज के हर संभावित ठिकाने पर लगातार दबिश दे रही हैं. लोनी बॉर्डर पुलिस का साफ कहना है कि अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है और जब तक इस खौफनाक हत्याकांड का दूसरा किरदार सलाखों के पीछे नहीं जाता तब तक वे चैन से नहीं बैठने वाले.