Jhansi News: मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले स्थित ओरछा के रहने वाले लक्ष्मीनारायण यादव ने अपनी बेटी करिश्मा यादव की शादी साल 2024 में झांसी के रहने वाले रामजी यादव के साथ की थी. रामजी यादव झांसी के गुमनावरा का रहने वाला था. धूमधाम से शादी की गई थी. करिश्मा ने भी कई सपनों के साथ अपनी नई जिंदगी ससुराल में शुरू की थी. मगर करिश्मा के सारे सपने शादी के बाद टूट गए और शादी के बाद का हर दिन उसके लिए नर्क बन गया या कहे कि नर्क बना दिया गया.
ADVERTISEMENT
अब करिश्मा का अपने पिता के पास फोन आया. दोपहर के 4 बज रहे थे. वह काफी परेशान और घबराई हुई थी. उसने अपने पिता से कहा कि उसके साथ खूब मारपीट की गई है. उसने ये भी कहा कि उसकी हत्या की जा सकती है. पिता और परिवार के अन्य लोगों ने फौरन करिश्मा के ससुराल वालों से बात की तो उन्होंने गोलमोल जवाब दिए. फिर 3 घंटे बाद करिश्मा की मौत की खबर परिवार वालों को मिल गई.
रामजी यादव ने की करिश्मा की जिंदगी बर्बाद!
26 साल की करिश्मा के साथ ससुराल में जो हुआ, उसने हर किसी को चौंका दिया है. दहेज के लालच में एक और बेटी ने दम तोड़ दिया है. पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था. ये हाल तब था जब पिता ने शादी में लाखों रुपये खर्च किए थे और अच्छा दहेज दिया था. मगर फिर भी 10 से 12 लाख की मांग और की जा रही थी.
पिता का कहना है कि ससुराल वाले बेटी को प्रताड़ित करते थे. अब उन्होंने बेटी को मारकर, उसके शव को फंदे पर लटका दिया है और इसे सुसाइड केस बता दिया है. करिश्मा के परिवार का कहना है कि घटना के बाद से ही ससुराल वाले फरार हैं.
करिश्मा के भाई ने बताई पूरी घटना
घटना को लेकर मृतका के भाई पुष्पेंद्र यादव ने बताया, बहन की मौत की जानकारी ससुराल वालों से नहीं मिली. जब वह मौके पर पहुंचे तो शव नीचे रखा हुआ था. जिस जगह पर फांसी की बात की जा रही थी, वहां फंदा लग ही नहीं सकता था, क्योंकि ऊंचाई इतनी नहीं थी. बहन के गले से मंगलसूत्र भी गायब था. बहन को मारकर, सबूत भी मिटाए गए हैं.
ससुराल वाले हुए गायब
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद से ससुराल वाले गायब हैं. रामजी यादव भी गायब है और उसका मोबाइल भी बंद है. सभी घर छोड़कर फरार हो गए हैं.
अब सभी की पीएम रिपोर्ट पर नजर
बता दें कि पुलिस ने करिश्मा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. अब पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. पीएम रिपोर्ट में ही मौत की असल वजहों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर दी है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT









