मौलाना खालिद रशीद ने जनगणना में धर्म को लेकर कही बड़ी बात, मुस्लिम समाज से कर डाली ये अपील

UP News: इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के चेयरमैन मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने जनगणना को लेकर मुस्लिम समाज से खास अपील की है.

Maulana Khalid Rashid Firangi Mahali

आशीष श्रीवास्तव

• 12:39 PM • 08 May 2026

follow google news

UP News: इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के चेयरमैन मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने जनगणना को लेकर मुस्लिम समाज से खास अपील की है. उन्होंने कहा है कि जनगणना फॉर्म भरते समय धर्म के कॉलम में इस्लाम और मातृभाषा के कॉलम में उर्दू दर्ज किया जाए. लखनऊ में आयोजित एक बैठक के दौरान उन्होंने लोगों से सही जानकारी भरने की अपील की. मौलाना खालिद रशीद ने बताया कि देश में सेल्फ एन्यूमरेशन यानी खुद से जनगणना फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार से शुरू हुई यह प्रक्रिया 21 मई तक चलेगी. इस दौरान परिवार का मुखिया ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपने परिवार की जानकारी खुद दर्ज कर सकता है.

यह भी पढ़ें...

सही जानकारी भरने की अपील की

बैठक में मौलाना ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इससे समाज की पहचान और सही आंकड़े सामने आते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि फॉर्म में सभी जानकारी सही और स्पष्ट तरीके से भरें. खास तौर पर मुस्लिम समुदाय से उन्होंने कहा कि धर्म वाले कॉलम में इस्लाम और मातृभाषा वाले कॉलम में उर्दू लिखें.

दस्तावेज अपलोड करने की जरूरत नहीं

मौलाना ने कहा कि सेल्फ एन्यूमरेशन प्रक्रिया में किसी भी तरह के दस्तावेज अपलोड करने की जरूरत नहीं है. लोग आसानी से ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि कई लोगों को इस प्रक्रिया की जानकारी नहीं है, इसलिए समाज के जिम्मेदार लोगों को जागरूकता फैलानी चाहिए.

ईदगाह परिसर में बनाई गई हेल्प डेस्क

लोगों की मदद के लिए इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया की ओर से ईदगाह ऐशबाग परिसर में हेल्प डेस्क बनाई गई है. यहां सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जनगणना फॉर्म भरने में सहायता और तकनीकी जानकारी दी जाएगी. मौलाना खालिद रशीद ने मस्जिदों के इमामों से भी अपील की है कि वे जुमे के खुत्बे में लोगों को जनगणना प्रक्रिया के बारे में जानकारी दें और उन्हें सही जानकारी भरने के लिए प्रेरित करें.

जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया की ओर से सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं. जनगणना से जुड़ी जानकारी और मदद के लिए 7905381076, 7335509779 और 9580112032 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है.