UP Weather Update: यूपी में अब इस दिन के बाद से होगी बारिश… मौसम विभाग ने दिया लेटेस्ट अपडेट

UP Weather Update: भीषण गर्मी और जानलेवा लू से जूझ रहे उत्तर प्रदेश को जल्द राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार के बाद कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है, जबकि तब तक पूरे प्रदेश में रेड अलर्ट और हीटवेव का खतरा बना रहेगा.

UP Weather Update

यूपी तक

• 07:48 PM • 23 May 2026

follow google news

UP Weather Update: मई के महीने में आसमान से बरसती आग और थपेड़े मारती लू से झुलस रहे उत्तर प्रदेश के लिए आखिरकार एक राहत भरी खबर आ गई है. बीते कई दिनों से सूरज के कड़े तेवरों का सामना कर रहे यूपी वासियों को जल्द ही इस जानलेवा तपन से राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग ने एक बेहद सुकून देने वाली भविष्यवाणी की है जिसके मुताबिक आगामी गुरुवार के बाद प्रदेश के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. तराई बेल्ट से लेकर पूर्वांचल के कई जिलों में बादलों की तगड़ी फौज दस्तक देगी जिससे गरज-चमक के साथ झमाझम बूंदाबांदी का दौर शुरू होगा और चढ़ते पारे पर ब्रेक लग जाएगा.

यह भी पढ़ें...

इन जिलों में होगी झमाझम बारिश

लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश के नागरिकों को आगामी गुरुवार तक ही इस चिलचिलाती धूप और असहनीय तपिश का डटकर मुकाबला करना होगा. इसके बाद मौसम करवट लेगा. वैज्ञानिकों का अनुमान है कि गुरुवार के बाद तराई क्षेत्रों और पूर्वी उत्तर प्रदेश (पूर्वांचल) के आसमान में बादलों की आवाजाही तेजी से बढ़ेगी. जिन प्रमुख जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश के कारण मौसम सुहावना होने जा रहा है उनमें गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, मऊ, बलिया, गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी और संत कबीर नगर,लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और पीलीभीत जैसे जिले शामिल हैं.मौसम विभाग के मुताबिक, इन तमाम इलाकों में धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है जिससे पिछले कई दिनों से चल रही झुलसाने वाली लू की रफ्तार पूरी तरह थम जाएगी.

राहत से पहले 'रेड अलर्ट'

भले ही गुरुवार से राहत मिलने वाली हो. लेकिन उससे पहले के दिन यूपी के लोगों के लिए किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं . भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने भीषण लू को लेकर पूरे प्रदेश में 'रेड अलर्ट' जारी किया है और जिलों को तीन खतरनाक श्रेणियों में बांटा है.

अत्यंत भीषण लू (Severe Heat Wave): बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, संत रविदास नगर और जौनपुर। यहां के लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बेहद जरूरी होने पर ही घर से निकलने की हिदायत दी गई है.

अति उष्ण लहर (Moderate Heat Wave): सोनभद्र, चंदौली, गाज़ीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, बागपत, मेरठ, गाज़ियाबाद, हापुड़, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर.

सामान्य लू: लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अम्बेडकर नगर, देवरिया, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, सहारनपुर, शामली, मुज़फ्फरनगर, कासगंज, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं. मौसम विभाग का यह भी अनुमान है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले 48 घंटों के भीतर पारा 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और ऊपर भाग सकता है.

उमस का डबल अटैक

इस बार की गर्मी सिर्फ तापमान की वजह से नहीं बल्कि हवा में मौजूद भारी नमी (उमस) के कारण जानलेवा बन चुकी है. मौसम विभाग का हीट इंडेक्स बेहद डराने वाले आंकड़े दिखा रहा है. उमस और तापमान के इस खतरनाक गठजोड़ के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, आगरा, बहराइच और गोरखपुर जिलों में आज हीट इंडेक्स 50 से 60 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की आशंका है जो सीधे तौर पर इंसानी शरीर को बीमार कर सकती है. वहीं बागपत, कन्नौज, मैनपुरी, हरदोई, रायबरेली, फतेहपुर, चित्रकूट, मिर्जापुर, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलरामपुर और सिद्धार्थ नगर में भी लोग 50 डिग्री जैसी झुलसाने वाली गर्मी महसूस कर रहे हैं.