खाक बीजेपी नेता हो जब बिजली नहीं दिला पा रहे...पत्नी की डांट सुन परेशान हुए नेता जी, पावर हाउस पर ही लगा दिया ताला

Wife taunt BJP leader: चंदौली में भीषण बिजली कटौती से परेशान भाजपा नेता का पावर हाउस पर ताला लगाने वाला वीडियो वायरल हो गया है. पत्नी की डांट से आहत नेता धरने पर बैठ गए. पूर्वांचल समेत पूरे यूपी में बिजली संकट और कटौती को लेकर जनता में भारी नाराजगी दिख रही है.

BJP Leader Viral Video

रजत सिंह

• 08:06 PM • 22 May 2026

follow google news

Wife taunt BJP leader: 'हम ताला बंद करके अपनी जेब में रख लिए हैं सांसद जी और हम अब घर नहीं जाएंगे. हमारी बीवी कह रही है कि तुम खाक भाजपा के नेता हो, जब बिजली ही नहीं दिला पा रहे हो तो जाओ यहां से.' उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से आया एक भाजपा नेता का यह ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है. दरअसल, पूर्वांचल सहित पूरे यूपी में इस वक्त सूरज देवता का सितम जारी है और पारा रिकॉर्ड तोड़ रहा है. लेकिन इस चिलचिलाती गर्मी के बीच धुआंधार बिजली कटौती ने जनता का जीना मुहाल कर दिया है. बिजली कटौती से परेशान आम लोग तो सड़कों पर उतरे ही हैं, लेकिन हद तो तब हो गई जब अपनी ही सरकार में बिजली न आने और पत्नी से मिली तीखी डांट से आहत होकर एक भाजपा नेता खुद पावर हाउस पर ताला जड़कर धरने पर बैठ गए.

यह भी पढ़ें...

'तन समर्पित, मन समर्पित... पर अपनी ही सरकार के खिलाफ प्रदर्शन'

पूरा मामला चंदौली के बबरी इलाके का है जहां के ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि पिछले 15 दिनों से बिजली की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है. स्थानीय नागरिक श्री प्रकाश ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि 'बीते 15 दिनों से बबरी में बिजली का यह हाल है कि रात में मात्र 20 से 40 मिनट ही सप्लाई मिलती है. शाम 6 बजे से जो कटौती शुरू होती है, वह हर 10 मिनट बाद 2 घंटे के लिए गायब हो जाती है. इस उपकेंद्र से करीब 89 गांव चलते हैं, जहां बुजुर्ग और बच्चे इस भीषण गर्मी में तड़प रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सख्त आदेश है कि ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे निर्बाध बिजली दी जाए, लेकिन जमीन पर 18 मिनट भी लाइट नहीं टिकती. हम 'तन समर्पित, मन समर्पित' वाले संघ और पार्टी के सच्चे सिपाही हैं. लेकिन आज मजबूर होकर हमें अपनी ही सरकार और बिजली विभाग के तानाशाह अधिकारियों के खिलाफ धरने पर बैठना पड़ रहा है.'

सांसद को फोन कर बोले नेता जी- 'चौका घाट जेल जाने को तैयार हूं'

बिजली न आने से केवल जनता ही नहीं बल्कि खुद सत्ताधारी दल के नेता भी अपने घरों में सुरक्षित नहीं हैं. वायरल वीडियो में भाजपा नेता साफ तौर पर राज्यसभा सांसद को फोन मिलाकर अपनी आपबीती सुनाते दिख रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब घर में पत्नी ने ताना मार दिया कि 'खाक नेता हो', तो उनके आत्मसम्मान को ठेस लगी. इसके बाद नेता जी सीधे फीडर पहुंचे, वहां ताला मारा और चाबी अपनी जेब में रख ली. उन्होंने पूरी जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि वह इस जनता के हक की लड़ाई के लिए चौका घाट जेल जाने को भी तैयार हैं.

स्थानीय नेताओं का कहना है कि शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक मुश्किल से एक-डेढ़ घंटे बिजली मिलती है, जबकि कागजों पर अधिकारी 18 घंटे की सप्लाई दिखाकर सरकार को गुमराह करने और बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं.

बिजली मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया क्यों कट रही है लाइट?

इस राष्ट्रव्यापी बिजली संकट और बेतहाशा कटौती पर उत्तर प्रदेश के बिजली मंत्री ए.के. शर्मा ने सोशल मीडिया पर स्थिति स्पष्ट की है. उन्होंने एक पोस्ट के जरिए बताया कि प्रदेश में रिकॉर्डतोड़ गर्मी के कारण बिजली की मांग आसमान छू रही है. बिजली मंत्री के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में पीक डिमांड 30,458 मेगावाट तक पहुंच गई है, जिसे पूरा करने का रिकॉर्ड प्रयास किया गया है. अत्यधिक गर्मी और लगातार ओवरलोडिंग के कारण बिजली संयंत्रों (ट्रांसफार्मर और केबलों) में तकनीकी खराबियां आ रही हैं. पूरा विद्युत विभाग जनता को निर्बाध बिजली देने के लिए दिन-रात तत्पर है, ऐसे में उपभोक्ताओं का संयम और सहयोग प्रार्थनीय है. 

दूसरी तरफ, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता का तर्क है कि रोस्टर में कोई गड़बड़ी नहीं है. पहले जो कटौती दिन के समय निर्धारित थी, उसे अब ग्रामीण शेड्यूल के तहत रात्रि कालीन (रोशनी के समय) में शिफ्ट किया गया है, जिसके कारण जनता को लग रहा है कि रात में जानबूझकर कटौती की जा रही है. उन्होंने कहा कि जनता की मांग के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा.

पूर्वांचल से लेकर पश्चिम तक माहौल टाइट

चंदौली की यह घटना कोई इकलौती नहीं है. मौसम विभाग द्वारा जारी भीषण हीट वेव के अलर्ट के बीच उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से बिजली संकट की खबरें आ रही हैं. पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के अलावा पश्चिमी यूपी के मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद और खुद राजधानी लखनऊ से भी बिजली कटौती के खिलाफ छिटपुट विरोध प्रदर्शन और हंगामे की खबरें लगातार सामने आ रही हैं. गर्मी के इस सीजन में गांवों तक में एसी, कूलर, फ्रिज और कृषि कार्य के लिए मोटरों का इस्तेमाल बढ़ने से लोड अत्यधिक बढ़ चुका है. अब देखना यह है कि एक तरफ जहां बिजली विभाग संसाधनों की कमी और ओवरलोडिंग का रोना रो रहा है, वहीं दूसरी तरफ पत्नी की डांट और जनता के गुस्से से उबल रहे नेताओं को सरकार कब तक राहत दे पाती है.