Gorakhpur Litti Chokha Recipe: उत्तर प्रदेश की पहचान सिर्फ इतिहास और संस्कृति तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां का पारंपरिक खानपान भी अपनी अलग पहचान रखता है. इन्हीं में से एक बेहद लोकप्रिय और देसी स्वाद वाला व्यंजन है गोरखपुर का लिट्टी चोखा, जो अब पूरे देश में अपनी खास जगह बना चुका है. सत्तू से भरी लिट्टी और देसी मसालों से बना चोखा मिलकर ऐसा स्वाद देते हैं जो हर किसी को पसंद आता है. आज भी गांव से लेकर शहर तक इसे बड़े चाव से खाया जाता है. यूपी Tak की 'One District One Cuisine' सीरीज में आज हम आपको बताएंगे कि घर पर आसानी से स्वादिष्ट गोरखपुर स्टाइल लिट्टी चोखा कैसे तैयार किया जा सकता है.
ADVERTISEMENT
लिट्टी चोखा बनाने के लिए सामग्री
लिट्टी के लिए:
2 कप गेहूं का आटा
1/2 कप सत्तू (चना सत्तू)
2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
1 छोटा चम्मच अजवाइन
1 छोटा चम्मच कलौंजी
1 छोटा चम्मच नींबू रस
1 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
1 छोटा चम्मच अदरक
नमक स्वाद अनुसार
पानी गूंथने के लिए
चोखा के लिए:
2 बड़े बैंगन
3 उबले आलू
2 टमाटर
2 हरी मिर्च
1 छोटा प्याज (वैकल्पिक)
2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
नमक स्वाद अनुसार
हरा धनिया
ऐसे बनाएं लिट्टी
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें और उसमें थोड़ा नमक, अजवाइन और सरसों का तेल डालकर अच्छे से मिलाएं. अब पानी की मदद से सख्त आटा गूंथ लें और उसे 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें.
अब एक अलग बर्तन में सत्तू लें और उसमें बारीक कटा अदरक, हरी मिर्च, नींबू रस, सरसों का तेल, नमक, अजवाइन और कलौंजी डालकर अच्छे से मिलाएं. इस मिश्रण को थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर भरावन जैसा तैयार कर लें.
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उसमें सत्तू का मिश्रण भरकर गोल-गोल लिट्टी तैयार करें. इसके बाद इन्हें ओवन, तंदूर या गैस पर धीमी आंच में सेंक लें. जब लिट्टी चारों तरफ से सुनहरी और कुरकुरी हो जाए तो समझिए यह तैयार है.
चोखा बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले बैंगन, टमाटर और हरी मिर्च को गैस या कोयले पर अच्छे से भून लें. जब ये पूरी तरह नरम हो जाएं तो इनका छिलका उतारकर एक बर्तन में मैश कर लें. अब इसमें उबले आलू, बारीक कटा प्याज, नमक और सरसों का तेल डालकर अच्छे से मिला लें. ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं.
लिट्टी चोखा बनाते समय ध्यान रखें ये बातें
लिट्टी को हमेशा धीमी आंच पर ही सेंकें ताकि वह अंदर तक अच्छे से पक जाए.
सत्तू का मसाला न ज्यादा सूखा हो और न ज्यादा गीला रखें.
चोखे में सरसों का तेल डालने से इसका असली देसी स्वाद आता है.
बैंगन और टमाटर को अच्छे से भूनना जरूरी है ताकि स्मोकी फ्लेवर मिले.
गोरखपुर का लिट्टी चोखा क्यों है खास?
गोरखपुर का लिट्टी चोखा अपने देसी स्वाद और सरल सामग्री के कारण बेहद लोकप्रिय है. यह न सिर्फ पेट भरने वाला व्यंजन है बल्कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का भी हिस्सा है. त्योहारों, मेलों और घरों में इसे बड़े चाव से बनाया और खाया जाता है.
यह भी पढ़ें: सिपाही भर्ती परीक्षा में हो रही थी धांधली, STF ने ग्रेटर नॉएडा से ऐसे पकड़ा हाईटेक नकल गैंग
ADVERTISEMENT









