हापुड़ में दूसरी शादी कर रहे पति की पहली पत्नी ने रुकवाई बारात, फिर सामने आई 14 लाख वाली कहानी

Hapur Marriage Drama: हापुड़ में पति की दूसरी शादी रुकवाने पहुंची पहली पत्नी. मंडप में हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद 14 लाख रुपये लेकर पत्नी ने दी शादी को रजामंदी. क्या है पूरा कानूनी विवाद.

Hapur News

देवेंद्र शर्मा

20 Apr 2026 (अपडेटेड: 20 Apr 2026, 08:03 PM)

follow google news

Hapur Marriage Drama: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक शादी समारोह उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया, जब सात फेरों से ठीक पहले दूल्हे की पहली पत्नी ने पुलिस के साथ मंडप में सरप्राइज एंट्री मार दी. इसके बाद जो हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ, उसने मेहमानों के होश उड़ा दिए.

यह भी पढ़ें...

मंडप में पहली पत्नी का छापा, फिर क्या हुआ?

मामला नगर कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी का है. जानकारी के मुताबिक, दिल्ली की रहने वाली कंचन की शादी हापुड़ के विकास से हुई थी. दोनों के बीच पिछले काफी समय से तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है. इसी बीच विकास ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी रचाने की तैयारी कर ली. जैसे ही इसकी भनक कंचन को लगी, वह अपने परिजनों और पुलिस को लेकर सीधे शादी के मंडप में पहुंच गई.

पहली पत्नी को सामने देख दूल्हा और उसके घरवाले सन्न रह गए. कंचन ने मौके पर जमकर हंगामा किया और आरोप है कि उसने ससुराल पक्ष की एक महिला के साथ मारपीट भी की. पुलिस की मौजूदगी में शादी की रस्में रुकवा दी गईं और मंडप में ही पंचायत बैठ गई.

14 लाख में ऑन द स्पॉट समझौता

इस पूरे ड्रामे का अंत किसी फिल्मी क्लाइमेक्स से कम नहीं था. घंटों चली खींचतान के बाद रिश्तेदारों और परिजनों के बीच समझौता हुआ. समझौते की शर्त के मुताबिक, पति विकास ने कंचन को 14 लाख रुपये दिए. मोटी रकम वसूलने के बाद कंचन का गुस्सा शांत हुआ और उसने बिना तलाक के ही विकास की दूसरी शादी को रजामंदी दे दी. इसके बाद वह पैसे लेकर अपने माता-पिता के साथ वापस दिल्ली लौट गई.

पति का दावा- कोर्ट में हो चुका है फैसला

वहीं, पति विकास ने कैमरे पर आने से मना करते हुए अपना पक्ष रखा. उसने बताया कि यह उनका निजी मामला है और कोर्ट में तलाक की प्रक्रिया पूरी होकर डिक्री हो चुकी है. विकास के मुताबिक, कुल 42 लाख रुपये में समझौता तय हुआ था, जिसमें से 14 लाख रुपये बेटे के भविष्य के लिए जमा करने का आदेश था. विकास का दावा है कि उसने पूरी राशि का भुगतान कर दिया है और अब सब कुछ कानूनन सही है.