Zaid Father Emotional: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद अंतर्गत लोनी के मुस्तफाबाद इलाके में मामूली रोड रेज के बाद मौत के घाट उतारे गए जैद के घर पर इस वक्त मातम पसरा हुआ है. यूपी Tak की टीम जब पीड़ित परिवार के पास पहुंची तो मृतक जैद के पिता का रो-रोकर बुरा हाल था. पूरे घर की जिम्मेदारी उठाने वाला, सारा काम संभालने वाला इकलौता सहारा अब इस दुनिया में नहीं है. टूटी हुई आवाज और नम आंखों से बेबस पिता ने उस खौफनाक दिन की पूरी कहानी बताई कि कैसे उनके बेटे को किडनैप कर मनीष प्रॉपर्टीज के दफ्तर में ले जाया गया और बेरहमी से मार-मारकर खत्म कर दिया गया. पीड़ित पिता ने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की न्याय प्रणाली पर भरोसा जताते हुए हाथ जोड़कर गुहार लगाई है कि जैसे इस सरकार में अपराधियों को सजा मिलती है वैसे ही उनके बेटे के हत्यारों को भी सख्त सजा दी जाए.
ADVERTISEMENT
गिड़गिड़ाता रहा जैद, कार में डाल ले गए आरोपी
यूपी Tak के संवाददाता मोहित कुशवाहा से बात करते हुए जैद के पिता ने उस दिन की पूरी हकीकत बात बताते हुए कहा कि 'सोमवार को जैद बंथला नहर पर नहाने की बात कहकर घर से निकला था. रास्ते में एक जगह कार मुड़ रही थी जिससे ज़ैद की मोटरसाइकिल का हैंडल हल्का सा टच हो गया. कार में सवार लोग तुरंत नीचे उतरे और जैद को थप्पड़ मारने लगे और उसकी बाइक की चाबी छीन ली. मेरा बेटा उनके आगे गिड़गिड़ाता रहा कि 'जो पैसे लगेंगे वो मुझसे ले लो, अभी ₹700-800 ले लो, कम पड़ेंगे तो मोबाइल से और ट्रांसफर कर दूंगा, पर मुझे जाने दो'. लेकिन उन जालिमों का दिल नहीं पसीजा. उन्होंने जैद का नाम पूछा और जबरन उसे कार में डालकर मनीष प्रॉपर्टीज के ऑफिस ले गए.'
जैद के पिता ने आगे बताया कि आरोपियों ने जैद को कार में डाल लिया और उसके साथ आए दो दोस्तों को डराते हुए कहा कि तुम भी पीछे-पीछे ऑफिस आ जाओ. जब तक वे मासूम बच्चे भागते-भागते उस दफ्तर तक पहुंचे तब तक आरोपियों ने जैद को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था.
पिता के मुताबिक 'जब जैद के दोस्त वहां पहुंचे तो वह लगभग खत्म हो चुका था. आरोपियों ने उन दोनों बच्चों को धमकी दी कि या तो एक मिनट के अंदर-अंदर इसे यहां से उठाकर ले जाओ नहीं तो तुम्हारा भी यही हाल करेंगे.' इसके बाद आरोपियों ने जैद को बाहर फेंक दिया. बच्चे उसे किसी तरह ई-रिक्शा में बिठाकर घर और फिर अस्पताल ले गए. लेकिन वह रास्ते में ही दम तोड़ चुका था.'
वीडियो देख छलका दर्द
जैद के शरीर पर की गई बर्बरता का जिक्र करते हुए पिता ने कहा कि उसके गले पर बहुत चौड़ा और गहरा निशान था. उसके पैरों पर चोटें थीं और नाखूनों से खून बह रहा था. उन्होंने कहा कि हमें नहीं पता कि उन्होंने मेरे बच्चे को किस चीज से मारा. इंटरव्यू के दौरान जब यूपी तक की टीम ने पिता को घटना के बाद का एक वायरल वीडियो दिखाया जिसमें जैद जमीन पर बेसुध बैठा है और उसके दोस्त उसे संभाल रहे हैं तो पिता का कलेजा फट गया. उन्होंने वीडियो देखकर दफ्तर की पहचान की और कहा 'हां यह वही मनीष का ऑफिस है. देखिए कैसे वो लोग कह रहे हैं कि इसे यहां से उठाओ. पहले मेरे बच्चे को तड़पाया और फिर खुद ही उठाकर बाहर फेंक दिया.'
पूरे घर का सहारा था जैद
जब पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल किया गया तो पिता ने बताया कि उन्हें सिर्फ इतनी जानकारी मिली है कि एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है. उन्होंने इमोशनल होते हुए कहा 'अब परिवार में जैद नहीं है तो कुछ नहीं बचा. वही पूरे घर की जिम्मेदारी उठाता था, सारा काम संभालता था. हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, कोई पुरानी रंजिश नहीं थी. जरा सी खरोंच आने पर कोई किसी की जान कैसे ले सकता है? हम खुद जाकर उनसे बदला नहीं ले सकते,हममें इतनी हिम्मत नहीं है. जो करेगी सरकार ही करेगी.'
उन्होंने आगे कहा 'योगी जी की सरकार अच्छी है, सब काम बढ़िया हो रहे हैं और सबको इंसाफ मिल रहा है. हमारी भी सरकार से यही उम्मीद है कि चाहे कोई हिंदू हो या मुसलमान जो अपराधी है उसे सजा मिले. हमारे बेटे का कत्ल हुआ है तो उनके हत्यारों का भी वही हश्र होना चाहिए. हमें बस न्याय चाहिए.
ADVERTISEMENT










