Ankit Baliyan Murder: लखनऊ में उत्तर प्रदेश के DGP राजीव कृष्ण ने अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने बताया कि इस मामले में यूपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हत्याकांड में शामिल दो शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया गया है. इस कार्रवाई के दौरान हेड कांस्टेबल हरविंदर और हेड कांस्टेबल प्रदीप घायल हुए हैं.
ADVERTISEMENT
DGP ने बताया कि 26 अगस्त की शाम अंकित बालियान की चार हथियारबंद बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात अचानक नहीं हुई थी. हत्या से पहले अंकित की रेकी की गई थी और उसके जिम आने-जाने के समय की भी जानकारी जुटाई गई थी.
हत्या के बाद 11 पुलिस अफसरों की टीम लगी
अंकित बालियान की हत्या के बाद मामले की जांच के लिए 11 पुलिस अफसरों की टीम बनाई गई थी. इसमें 4 एडिशनल एसपी (ADL SP) भी शामिल थे. पुलिस ने वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए लगातार जांच और कार्रवाई की. DGP के मुताबिक 29 अगस्त को घटना में शामिल अभियुक्तों की शिनाख्त हुई. फिलहाल उनके आपराधिक इतिहास का सत्यापन कराया जा रहा है.
गोगी गैंग पर हत्या कराने का आरोप
DGP राजीव कृष्ण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अंकित बालियान की हत्या गोगी गैंग के जरिए कराई गई. उन्होंने बताया कि गोगी गैंग की कमान अब दूसरे लोगों ने संभाल ली है और वे गोगी के नाम पर गैंग चला रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि चारों शूटर्स को उनके गैंग के ही लोगों ने हथियार उपलब्ध कराए थे. वारदात में कंट्री मेड असलहों का इस्तेमाल किया गया था.
2021 में जितेंद्र गोगी की हुई थी हत्या
DGP ने गोगी गैंग के कनेक्शन की जानकारी देते हुए बताया कि 2021 में जितेंद्र गोगी की रोहिणी कोर्ट में हत्या हुई थी. अंकित बालियान ने एक गाने में इस घटना से जुड़े किरदार पर अभिनय किया था. हालांकि, DGP ने स्पष्ट किया कि उस गाने के बोल और धुन अंकित बालियान के नहीं थे.
पुलिस के मुताबिक अंकित की हत्या कोई अचानक हुई वारदात नहीं थी. शूटर्स की गतिविधियां देखी गईं, रेकी की गई और इसके बाद हत्या को अंजाम दिया गया.
शामली पुलिस और STF को 2 लाख रुपये का इनाम
DGP राजीव कृष्ण ने बताया कि अंकित बालियान हत्याकांड में कार्रवाई करने वाली शामली पुलिस और STF को 2 लाख रुपये का इनाम दिया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से बाहर बैठे अपराधी यह भ्रम न पालें कि राज्य से बाहर होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी. किसी भी गैंग या अपराधी को यूपी में छिपने या यहां अपराध करने की छूट नहीं दी जाएगी.
DGP ने कहा कि इस मामले से जुड़े कुछ अपराधी जेल में बंद हैं, जबकि कुछ विदेश में हैं. उन्होंने साफ किया कि सभी आरोपियों को कानून की जद में लाया जाएगा.
ADVERTISEMENT











