IAS की नौकरी छोड़ने के बाद क्या करेंगी दिव्या मित्तल? यूपी Tak को बताया आगे का प्लान

अंकित मिश्रा

• 02:01 PM • 31 Aug 2026

उत्तर प्रदेश कैडर की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल के प्रशासनिक सेवा से इस्तीफे के बाद अब उनके अगले कदम को लेकर चर्चा तेज है. अचानक इस्तीफे के फैसले ने लोगों को हैरान किया था, लेकिन अब खुद दिव्या मित्तल ने यूपी Tak से बातचीत में इसके पीछे की वजह और आगे की योजना को लेकर खुलकर बात की है.

IAS Divya Mittal Resignation News

IAS Divya Mittal Resignation News

Google CTA

IAS Divya Mittal Resignation News: उत्तर प्रदेश कैडर की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल के प्रशासनिक सेवा से इस्तीफे के बाद अब उनके अगले कदम को लेकर चर्चा तेज है. अचानक इस्तीफे के फैसले ने लोगों को हैरान किया था, लेकिन अब खुद दिव्या मित्तल ने यूपी Tak से बातचीत में इसके पीछे की वजह और आगे की योजना को लेकर खुलकर बात की है. उन्होंने साफ किया कि उनका इस्तीफा किसी दबाव या अचानक आए फैसले का नतीजा नहीं है, बल्कि उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद यह कदम उठाया है. दिव्या मित्तल के मुताबिक, IAS की नौकरी उनकी जिंदगी का सिर्फ एक हिस्सा थी, पूरी जिंदगी नहीं.

यह भी पढ़ें...

सोच-समझकर लिया इस्तीफे का फैसला

दिव्या मित्तल ने अपने फैसले को लेकर कहा कि उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं, रुचियों और परिवार को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक सेवा छोड़ने का निर्णय लिया है. उन्होंने बताया कि यह कोई ट्रिगर मोमेंट या जल्दबाजी में लिया गया फैसला नहीं था. अपने मन की बात साझा करते हुए उन्होंने कहा, "अपना सारा भाव मैंने सोशल मीडिया पर एक पत्र के माध्यम से साझा किया है." उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि IAS का सफर उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण अध्याय जरूर रहा, लेकिन उनकी पहचान और भविष्य सिर्फ इसी नौकरी तक सीमित नहीं है.

लेखन और शिक्षण की ओर बढ़ सकता है कदम

IAS की नौकरी छोड़ने के बाद दिव्या मित्तल क्या करेंगी, इस सवाल पर उन्होंने अपने पुराने पैशन की ओर लौटने के संकेत दिए हैं. उनके मुताबिक भविष्य में वह लेखन, शिक्षण और समाज सेवा से जुड़े काम कर सकती हैं. हालांकि, उन्होंने अभी अपने अगले कदम को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं किया है. दिव्या ने बताया कि वह अपने परिवार और निजी रुचियों के बीच संतुलन बनाते हुए आगे बढ़ना चाहती हैं.

परिवार को भी देना चाहती हैं समय

दिव्या मित्तल ने अपनी प्राथमिकताओं में परिवार को भी अहम बताया है. उनकी दो बेटियां हैं और वह परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपने पुराने रुचि के क्षेत्रों में काम करना चाहती हैं. यही वजह है कि आने वाले समय में उनका फोकस सिर्फ किसी एक पेशे पर नहीं, बल्कि लेखन, शिक्षा और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों पर हो सकता है. हालांकि, वह इन विकल्पों में से किसे अपने करियर का अगला पड़ाव बनाएंगी, यह अभी तय नहीं है.

पति भी छोड़ चुके हैं सरकारी सेवा

दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद उनके पति और पूर्व IAS अधिकारी गगनदीप सिंह ढिल्लों भी चर्चा में हैं. गगनदीप सिंह ढिल्लों ने साल 2022 में वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में संयुक्त महानिदेशक के पद से इस्तीफा दिया था. दोनों का करियर सफर भी काफी दिलचस्प रहा है. IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ाई करने वाले दोनों ने सिविल सेवा में आने से पहले विदेश में मल्टीनेशनल कंपनियों में काम किया था.

लंदन की नौकरी छोड़कर चुनी सिविल सेवा

दिव्या मित्तल और गगनदीप सिंह ढिल्लों दोनों लंदन में काम करते थे. दिव्या जेपी मॉर्गन में, जबकि गगनदीप सिटी ग्रुप में कार्यरत थे और दोनों को अच्छी सैलरी मिल रही थी. विदेश में मन नहीं लगा तो दोनों भारत लौटे और सिविल सेवा को अपना करियर बनाया. दिव्या ने अपने दूसरे प्रयास में साल 2012 में 68वीं रैंक हासिल कर IAS की परीक्षा पास की. वहीं उनके पति पहले ही प्रयास में सफल रहे थे. दिव्या मिर्जापुर, संत कबीर नगर और देवरिया की जिलाधिकारी भी रह चुकी हैं और अपनी सख्त लेकिन संवेदनशील कार्यशैली के लिए जानी जाती रही हैं.