यूपी को मिली नई स्पेशल ट्रेन की सौगात, प्रयागराज से आगरा तक के यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा; 15 स्टेशनों पर ठहराव

आयशा शेख़

31 Aug 2026 (अपडेटेड: 31 Aug 2026, 12:35 PM)

प्रयागराज से श्री खाटू श्याम जी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है. प्रयागराज-सीकर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 10 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी और इसके 17 फेरे होंगे. ट्रेन रींगस जंक्शन के रास्ते सीकर पहुंचेगी, जिससे खाटू श्याम मंदिर जाने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.

UP Tak
Google CTA

UP-Rajasthan Special Train: रेलवे ने प्रयागराज क्षेत्र को श्री खाटू श्याम जी धाम से जोड़ने के लिए विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है. इस ट्रेन के शुरू होने से उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों के बीच सफर आसान होगा.

यह भी पढ़ें...

रेल प्रशासन की ओर से गाड़ी संख्या 04161/04162 प्रयागराज-सीकर-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है. इसका मकसद प्रयागराज और रींगस क्षेत्र के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी देना है, ताकि खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों को भी सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा मिल सके.

एक ट्रेन, कई बड़े धार्मिक और पर्यटन स्थल

ट्रेन सिर्फ प्रयागराज और सीकर के बीच सफर को आसान नहीं करेगी, बल्कि रास्ते में आने वाले कई शहरों और पर्यटन स्थलों को भी जोड़ेगी. प्रयागराज से यात्रा शुरू करने वाले यात्री संगम और आनंद भवन पहुंच सकते हैं. इसके बाद ट्रेन कानपुर के रास्ते जाएगी, जहां पनकी धाम प्रमुख धार्मिक स्थल है.

आगरा और मथुरा भी इस ट्रेन के रूट में शामिल हैं. यहां यात्री ताजमहल, वृंदावन और गोवर्धन जैसे प्रसिद्ध स्थलों तक पहुंच सकते हैं. आगे राजस्थान में अलवर और दौसा के रास्ते यह ट्रेन जयपुर पहुंचेगी. इस क्षेत्र में सरिस्का टाइगर रिजर्व और मेहंदीपुर बालाजी जैसे प्रमुख स्थल हैं.

जयपुर के बाद ट्रेन रींगस जंक्शन पहुंचेगी, जो श्री खाटू श्याम जी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अहम स्टेशन है. इसके बाद ट्रेन का सफर सीकर जंक्शन तक होगा, जहां शेखावाटी की प्रसिद्ध हवेलियां और भित्तिचित्र पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं.

कब से चलेगी प्रयागराज-सीकर स्पेशल ट्रेन?

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 04161 प्रयागराज-सीकर स्पेशल प्रत्येक सोमवार को चलेगी. इसकी सेवा 10 अगस्त 2026 से 30 नवंबर 2026 तक रहेगी. इस दौरान ट्रेन के 17 फेरे होंगे. वापसी में गाड़ी संख्या 04162 सीकर-प्रयागराज स्पेशल प्रत्येक मंगलवार को चलेगी. ट्रेन 11 अगस्त 2026 से 1 दिसंबर 2026 तक संचालित होगी और इसके भी 17 फेरे होंगे.

ट्रेन में 20 कोच होंगे

प्रयागराज-सीकर-प्रयागराज स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे. इसमें 2 SLR/D, 7 सामान्य श्रेणी, 10 स्लीपर और 1 एसी तृतीय श्रेणी का कोच शामिल होगा. इससे अलग-अलग श्रेणी के यात्रियों को अपनी जरूरत के अनुसार सफर करने का विकल्प मिलेगा.

प्रयागराज से सीकर तक क्या रहेगा समय?

गाड़ी संख्या 04161 प्रयागराज से सोमवार को शाम 5:10 बजे रवाना होगी. इसके बाद ट्रेन भरवारी, फतेहपुर, गोविंदपुरी, फफूंद, इटावा, फतेहाबाद, आगरा कैंट, भरतपुर, बांदीकुई, दौसा, खातीपुरा, जयपुर और रींगस होते हुए सीकर पहुंचेगी.

ट्रेन रींगस जंक्शन सुबह 6:45 बजे पहुंचेगी और 6:48 बजे वहां से रवाना होगी. इसके बाद यह सुबह 8:20 बजे सीकर जंक्शन पहुंचेगी.

प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव

स्टेशन आगमन प्रस्थान
प्रयागराज 17:10
भरवारी 17:40 17:42
फतेहपुर 18:33 18:35
गोविंदपुरी 19:45 19:50
फफूंद 21:20 21:22
इटावा 22:38 22:40
फतेहाबाद 23:55 23:57
आगरा कैंट 01:45 01:50
भरतपुर 02:50 02:55
बांदीकुई 04:08 04:10
दौसा 04:32 04:34
खातीपुरा 05:05 05:10
जयपुर 05:55 06:00
रींगस 06:45 06:48
सीकर 08:20

सीकर से लौटते समय क्या रहेगा समय?

वापसी में गाड़ी संख्या 04162 सीकर से मंगलवार को दोपहर 3:25 बजे रवाना होगी. ट्रेन रींगस से होते हुए जयपुर, खातीपुरा, दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, आगरा कैंट, फतेहाबाद, इटावा, फफूंद, गोविंदपुरी, फतेहपुर और भरवारी के रास्ते प्रयागराज पहुंचेगी. वापसी यात्रा में ट्रेन बुधवार सुबह 8:50 बजे प्रयागराज पहुंचेगी.

श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए क्यों खास है ट्रेन?

इस स्पेशल ट्रेन का सबसे फायदा है कि प्रयागराज से राजस्थान के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन क्षेत्रों तक रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी. खास तौर पर श्री खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए रींगस जाने वाले श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिल सकता है.

इसके अलावा रूट में आगरा, मथुरा, जयपुर और सीकर जैसे पर्यटन केंद्र भी शामिल हैं. ऐसे में ट्रेन धार्मिक यात्रा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और राजस्थान की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को देखने वालों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती है.

यूपी में आज से दौड़ेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस, पूरा रूट चार्ट जारी; मुंबई तक का सफर होगा आसान