उत्तर प्रदेश कैडर की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के अचानक प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद उनके पति और पूर्व IAS अधिकारी गगनदीप सिंह ढिल्लों एक बार फिर जबरदस्त सुर्खियों में हैं. दरअसल, ठीक 4 साल पहले (साल 2022 में) गगनदीप सिंह ने भी वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में संयुक्त महानिदेशक के पद से इस्तीफा देकर हर किसी को चौंका दिया था. गगनदीप सिंह की लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, मौजूदा वक्त में वह अल्गोरिधिमिक ट्रेडर के रूप में काम कर रहे हैं. अब उनकी पत्नी दिव्या मित्तल ने भी उसी राह पर चलते हुए 13 साल के प्रशासनिक करियर को अलविदा कह दिया है.
ADVERTISEMENT
पति के पदचिह्नों पर दिव्या मित्तल, तोड़ी चुप्पी
पति गगनदीप सिंह ढिल्लों के 2022 में इस्तीफा देने के बाद अब दिव्या मित्तल के इस फैसले से प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज है. इस पूरे मामले पर खुद दिव्या मित्तल ने चुप्पी तोड़ते हुए साफ किया है कि उनका यह कदम किसी दबाव या ट्रिगर मोमेंट का नतीजा नहीं, बल्कि बेहद सोच-समझकर लिया गया पारिवारिक और व्यक्तिगत फैसला है.
अपनी प्रतिक्रिया में दिव्या मित्तल ने दो टूक कहा- "आईएएस की नौकरी मेरे जीवन का केवल एक चैप्टर मात्र है, न कि मेरी पूरी जिंदगी." उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं, रुचियों, दो बेटियों और परिवार को ध्यान में रखकर यह फैसला किया है. भविष्य में वह लेखन, शिक्षण और समाज सेवा के क्षेत्र में आगे कदम बढ़ा सकती हैं.
लंदन में लाखों का पैकेज छोड़ भारत लौटे थे गगनदीप और दिव्या
पूर्व आईएएस गगनदीप सिंह ढिल्लों और उनकी पत्नी दिव्या मित्तल का सफर बेहद दिलचस्प और प्रेरणादायक रहा है. दोनों ने ही देश के शीर्ष संस्थानों- IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ाई की है.
सिविल सेवा में आने से पहले दोनों लंदन में लाखों रुपये के पैकेज वाली मल्टीनेशनल कंपनियों में कार्यरत थे. गगनदीप सिंह जहां 'सिटी ग्रुप' (Citi Group) में अपनी सेवाएं दे रहे थे, वहीं दिव्या मित्तल 'जेपी मॉर्गन' (JP Morgan) में कार्यरत थीं. हालांकि, विदेश में मन न लगने के कारण दोनों ने कॉर्पोरेट जगत की शानदार नौकरियां छोड़ीं और भारत लौटकर सिविल सेवा की राह चुनी.
पहले प्रयास में IAS बने थे गगनदीप, दिव्या को मिली थी 68वीं रैंक
भारत लौटने के बाद गगनदीप सिंह ढिल्लों ने अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा क्रैक कर आईएएस का पद हासिल किया था. वहीं दिव्या मित्तल ने 2012 में अपने दूसरे प्रयास में ऑल इंडिया 68वीं रैंक हासिल कर आईएएस का सफर तय किया.
प्रशासनिक सेवा के दौरान दिव्या मित्तल ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, संत कबीर नगर और देवरिया जैसे जिलों में बतौर जिलाधिकारी (DM) अपनी सख्त और संवेदनशील कार्यशैली से खास पहचान बनाई. 2022 में पति गगनदीप सिंह के इस्तीफे के बाद अब 2026 में दिव्या मित्तल के इस्तीफे ने इस पूर्व नौकरशाह दंपति को देश भर में चर्चा का विषय बना दिया है.
ADVERTISEMENT











