CM योगी की चुनौती के बाद अखिलेश यादव का पलटवार, बोले- 'चढ़ावा-चंदा-दान चोरों के लिए युवा पीडीए प्रहरी ही काफी'
Akhilesh Yadav vs Yogi Adityanath: सीएम योगी आदित्यनाथ के अयोध्या से चुनाव लड़ने के चैलेंज पर अखिलेश यादव ने पलटवार किया है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चंदा और दान को लेकर बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्हें हराने के लिए उनका एक युवा ‘पीडीए प्रहरी’ ही काफी है.
ADVERTISEMENT

Akhilesh Yadav vs Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश की राजनीति में अयोध्या सदर सीट को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. अखिलेश यादव की चुनौती पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने पलटवार करते हुए उन्हें आमने-सामने चुनाव लड़ने का खुला ऑफर दिया था. अब सीएम योगी के इस चैलेंज पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए पलटवार किया है. सपा प्रमुख ने सीएम योगी को जवाब देते हुए कहा है कि अयोध्या में ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ की चोरी करने वालों को हराने के लिए हमारा एक युवा ‘पीडीए प्रहरी’ ही काफी है. अखिलेश यादव ने इशारों-इशारों में यह बता दिया है कि अयोध्या सदर से उनका उम्मीदवार पवन पांडे ही रहने वाले हैं.
अखिलेश यादव ने किया तीखा पलटवार
सीएम योगी के आमने-सामने वाले चैलेंज का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, 'पवन का झोंका आएगा, अंहकार सब उड़ जाएगा.' उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि अयोध्या में दान और चंदे की चोरी करने वालों को हराने के लिए हमारा पीडीए का एक युवा प्रहरी ही काफी है.
पवन का झोंका आएगा अंहकार सब उड़ जाएगा अयोध्या में ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरों को हराने के लिए हमारा एक युवा ‘पीडीए प्रहरी’ ही काफ़ी है। चोरों को क्लीन चिट देनेवाले दरअसल हिस्सेदार होते हैं। दूध का दूध, पानी का पानी तो हुआ नहीं, इस बार जनता घमंड का सारा पानी उतार देगी। लोकसभा भूल गये क्या? और बाक़ी कसर अयोध्या की वो माताएं पूरा कर देंगी जिन्होंने सरेआम दुखी माँ का अपमान करते हुए दुर्व्यवहारी दंभियों को देखा है। अपने इंटर्नल सर्वे में आपको ये बात पता चली कि नहीं कि अयोध्या में आपकी तरफ़ से कोई चुनाव नहीं लड़ना चाहता है। पावन स्थलों पर वनस्पतिजीवियों का कोई काम नहीं।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) October 10, 2026
लोकसभा चुनाव की दिलाई याद
अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर तंज कसते हुए लोकसभा चुनाव के नतीजों की याद दिलाई है. उन्होंने कहा है कि इस बार जनता आपके घमंड का सारा पानी उतार देगी, क्या आप लोकसभा चुनाव भूल गए हैं? इसके साथ ही अखिलेश यादव ने दावा किया है कि बीजेपी ने जो अपना इंटर्नल सर्वे कराया है, उसमें यह बात साफ हो गई है कि अयोध्या में बीजेपी की तरफ से कोई भी चुनाव नहीं लड़ना चाहता है. उन्होंने अपने पोस्ट के आखिर में यह भी लिखा कि पावन स्थलों पर वनस्पतिजीवियों का कोई काम नहीं है.
योगी ने अखिलेश को दिया था ऑफर
इस सियासी विवाद की शुरुआत अखिलेश यादव की अयोध्या में दी गई चुनौती से हुई थी. उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को अयोध्या सदर सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी. अखिलेश ने कहा था कि अगर बीजेपी को अपनी जीत पर इतना भरोसा है, तो योगी खुद सपा उम्मीदवार के सामने चुनाव लड़कर दिखाएं.
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पलटवार करते हुए अखिलेश यादव को खुद अयोध्या से चुनाव लड़ने का न्योता दिया था. उन्होंने कहा था, 'मैं आपको ऑफर देता हूं, आइए आप भी अयोध्या में नामांकन करिए और मैं भी करता हूं. चलो एक बार किस्मत आजमा लेते हैं और तय हो जाए. लड़ाई चेलों से क्यों हों? लड़ाई तो आमने-सामने होनी चाहिए.'
अयोध्या सीट पर बढ़ी सियासी बयानबाजी
योगी आदित्यनाथ की चुनौती के बाद अब अखिलेश यादव के ताजा बयान ने अयोध्या को लेकर सियासी बहस को और भी तेज कर दिया है. दोनों नेता एक-दूसरे पर लगातार निशाना साध रहे हैं. अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में बीजेपी के घमंड, चंदा और दान से जुड़े आरोपों के साथ लोकसभा चुनाव का भी जिक्र किया है. वहीं, योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को अयोध्या से सीधे चुनाव लड़ने का ऑफर दिया था.
यह भी पढ़ें: आइए अयोध्या में हो जाए मुकाबला...सीएम योगी ने अब अखिलेश यादव को दे दिया ये चैलेंज
