लेटेस्ट न्यूज़

चलती बाइक पर जेब के अंदर फटी मोबाइल की बैटरी, मुजफ्फरनगर में ननिहाल से लौट रहे विकास की हुई दर्दनाक मौत!

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मोबाइल फोन की बैटरी फटने की कथित घटना के बाद बाइक सवार 40 साल के विकास अंतल की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह बाइक से घर लौट रहे थे, तभी उनके मोबाइल में अचानक धमाका हुआ.

ADVERTISEMENT

Muzaffarnagar Mobile Battery Blast News
Muzaffarnagar Mobile Battery Blast News
social share
Google CTA

Muzaffarnagar Mobile Battery Blast News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मोबाइल फोन की बैटरी फटने की कथित घटना के बाद बाइक सवार 40 साल के विकास अंतल की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह बाइक से घर लौट रहे थे, तभी उनके मोबाइल में अचानक धमाका हुआ. इसके बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिसकर्मी उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन बाद में परिजन बेहतर इलाज के लिए आरोग्य हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. विकास की मौत से परिवार में मातम पसरा है. उनके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी, 6 साल की बेटी और तीन साल का बेटा है.

ननिहाल से लौट रहे थे विकास

यह घटना मुजफ्फरनगर के नगर कोतवाली क्षेत्र में वहलना चौक के पास की बताई जा रही है. रहमतपुर गांव के रहने वाले विकास अंतल देर शाम अपनी मां को माजरा गांव स्थित ननिहाल छोड़ने गए थे. वहां से वह बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनके मोबाइल फोन की बैटरी फटने की बात सामने आई. धमाके के बाद विकास बाइक से नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे और उन्हें बेहतर इलाज की उम्मीद में दूसरे अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी.

यह भी पढ़ें- बाराबंकी में मूर्ति विसर्जन से लौट रहे भक्तों पर दरोगा ने बरसाए थप्पड़-लात! VIDEO वायरल होते ही SP रवीना त्यागी ने लिया एक्शन

 

बच्चों ने खोया अपना पिता

विकास की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनकी 6 साल की बेटी और तीन साल का बेटा अभी बहुत छोटे हैं. विकास खाईखेड़ी स्थित उत्तम शुगर मिल में टोकन मैन के पद पर काम करते थे. उनकी कमाई से परिवार का जीवन चलता था. हादसे के बाद बुजुर्ग माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है.

पड़ोसी ने बताया, कैसे हुआ हादसा

विकास के पड़ोसी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि वह अपनी मां को माजरा गांव में अपने मामा के यहां छोड़कर लौट रहे थे. इसी दौरान वहलना चौक के आसपास मोबाइल की बैटरी फटने की बात सामने आई. शैलेंद्र के मुताबिक हादसे में विकास की छाती पर चोट लगी थी. बाइक से गिरने के कारण उनके सिर में भी चोट आई थी. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें अस्पताल लेकर गए. बाद में परिजन उन्हें आरोग्य हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग में बड़ा खुलासा, UP की 2 महिलाएं गिरफ्तार, लॉरेंस गैंग तक हथियार पहुंचाने के लिए बनाया था ये प्लान

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

विकास की मौत के मामले में पुलिस जांच कर रही है. खालापार थाना अध्यक्ष विजय सिंह ने फोन पर बताया कि मोबाइल की बैटरी फटने की घटना के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गया था. गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई थी, जो मौत की वजह हो सकती है. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल मोबाइल की बैटरी फटने की बात सामने आई है, लेकिन मौत की वजह को लेकर अंतिम रिपोर्ट के आधार पर ही निकाला जाएगा.