बाराबंकी में मूर्ति विसर्जन से लौट रहे भक्तों पर दरोगा ने बरसाए थप्पड़-लात! VIDEO वायरल होते ही SP रवीना त्यागी ने लिया एक्शन
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. माती थाना क्षेत्र के इस मामले में एक सब-इंस्पेक्टर पर श्रद्धालुओं को थप्पड़ मारने और लातों से पीटने का आरोप लगा है.
ADVERTISEMENT

Barabanki Sub Inspector BK Sharma News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. माती थाना क्षेत्र के इस मामले में एक सब-इंस्पेक्टर पर श्रद्धालुओं को थप्पड़ मारने और लातों से पीटने का आरोप लगा है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए बाराबंकी की SP रवीना त्यागी के निर्देश पर संबंधित दरोगा बी.के शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया है. साथ ही, पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है. घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है.
श्रद्धालुओं से मारपीट का आरोप
यह मामला बाराबंकी के माती थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक श्रद्धालु दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने के बाद वापस लौट रहे थे. इसी दौरान पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच विवाद होने का आरोप है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को थप्पड़ मारते और लात चलाते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है. इस मामले में माती थाने पर तैनात सब-इंस्पेक्टर बीके शर्मा का नाम सामने आया है. आरोप है कि उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की. मौके पर मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की, लेकिन इसके बावजूद मारपीट जारी रहने का आरोप लगाया गया है. हालांकि, विवाद किस बात पर शुरू हुआ था, इसकी पुष्टि अभी तक नही सकी है.
यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग में बड़ा खुलासा, UP की 2 महिलाएं गिरफ्तार, लॉरेंस गैंग हथियार पहुंचाने के लिए बनाया था ये प्लान
बजरंग दल के पदाधिकारी ने जताया विरोध
घटना को लेकर बजरंग दल के पदाधिकारी अखिलेश राजपूत ने विरोध जताया. संगठन के पदाधिकारियों का दावा है कि उन्होंने घटना का वीडियो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भेजकर कार्रवाई की मांग की. इसके अलावा विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के अन्य पदाधिकारियों को भी मामले की जानकारी दी गई. घटना के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई. संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठाए और विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी. इस मामले को लेकर माती थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी से भी बातचीत की गई. वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है.
SP ने दरोगा को किया लाइन हाजिर
श्रद्धालुओं के साथ कथित मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लिया. SP रवीना त्यागी के निर्देश पर सब-इंस्पेक्टर बीके शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया है. इसके साथ ही मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारियों के मुताबिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है. अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और श्रद्धालुओं के साथ कथित मारपीट की नौबत क्यों आई. जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
यह भी पढ़ें- 'जब अमीर बनेंगे तभी लौटेंगे...' इंस्टाग्राम रील देखकर घर से भागे 3 दोस्त, आगरा पुलिस ने 24 घंटे में ऐसे खोज निकाला
