टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग में बड़ा खुलासा, UP की 2 महिलाएं गिरफ्तार, लॉरेंस गैंग तक हथियार पहुंचाने के लिए बनाया था ये प्लान
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में 4 आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें उत्तर प्रदेश की दो महिलाएं राधा और बबीता भी शामिल हैं.
ADVERTISEMENT

Tiger Shroff Car Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में 4 आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें उत्तर प्रदेश की दो महिलाएं राधा और बबीता शामिल हैं. इनके अलावा हरियाणा के सोनीपत के कुनाल और सुमित को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक कल 20 अक्टूबर को राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया, जबकि कुनाल और सुमित को हरियाणा के सोनीपत से हिरासत में लिया गया. इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की सीआईडी ने अदालत की अनुमति लेकर चारों को गिरफ्तार किया और मुंबई पुलिस को 3 दिन की ट्रांजिट रिमांड मिल गई.
जांच के मुताबिक राधा और बबीता ट्रेन से हथियार लेकर मुंबई पहुंची थीं और वहां लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक हैंडलर तक हथियार पहुंचाने में उनकी भूमिका सामने आई है. फिलहाल, जांच एजेंसियां हथियारों की सप्लाई, कथित शूटरों तक हथियार पहुंचाने की प्रक्रिया और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगा रही हैं. आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले में और जानकारियां सामने आने की उम्मीद है.
फायरिंग के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में कुनाल और सुमित हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं, जबकि राधा और बबीता यूपी की निवासी हैं. जानकारी के मुताबिक राधा सीतापुर और बबीता आजमगढ़ की रहने वाली बताई जा रही हैं. लेकिन दोनों महिलाएं हरियाणा के सोनीपत में रह रही थीं. जांच एजेंसियों को शक है कि दोनों लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए हथियारों की सप्लाई में कुरियर की भूमिका निभा रही थीं. पूछताछ के दौरान इन दोनों से मिली जानकारी के आधार पर कुनाल तक पहुंचा गया. इसके बाद कुनाल से पूछताछ के आधार पर सुमित को भी पकड़ा लिया गया.
यह भी पढ़ें- आगरा होटल से गायब होने के बाद यहां मिली श्रद्धा दुबे, यूपी STF और लखनऊ पुलिस ने किया गिरफ्तार
जमानत पर जेल से बाहर आया था कुनाल
जांच में कुनाल की भूमिका अहम बताई जा रही है. बताया गया है कि वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था. हरसाना गांव के एक दोस्त के जरिए उसकी बातचीत अनिल पंडित से कराई गई थी. इसके बाद दोनों के बीच एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए संपर्क होने लगा. पुलिस के मुताबिक अनिल पंडित के निर्देश पर कुनाल अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस लेकर आया था. करीब 2 महीने पहले उसकी मुलाकात राधा से हुई थी. कुनाल ने उसे अपनी गतिविधियों के बारे में बताया और बाद में हथियार लेकर मुंबई जाने के लिए तैयार किया.
15 अक्टूबर को मुंबई रवाना हुई थीं राधा और बबीता
पुलिस के अनुसार 15 अक्टूबर को कुनाल, राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचा. बताया जा रहा है कि पिस्टल राधा के बैग में रखी गई थी. ट्रेन की यात्रा के दौरान कुनाल एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए दोनों के संपर्क में रहा और अनिल पंडित के निर्देश उन तक पहुंचाता रहा. जांच के मुताबिक 17 अक्टूबर को राधा और बबीता मुंबई के दादर स्टेशन पर उतरीं और एक होटल में ठहरीं. उसी दिन सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़का होटल के पास राधा से बैग लेकर चला गया. पुलिस इस बैग में रखे हथियार को फायरिंग की घटना से जोड़कर जांच कर रही है.
शूटरों को निकालने की व्यवस्था करने को कहा
जांच के अनुसार फायरिंग की घटना के बाद अनिल पंडित ने कुनाल को बताया कि कथित शूटर मुंबई में फंस गए हैं. इसके बाद उन्हें वहां से निकालने की व्यवस्था करने के लिए कहा गया. इसी दौरान 18 अक्टूबर को राधा और बबीता दादर से हरिद्वार जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हो गईं. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित शूटरों को मुंबई से बाहर निकालने की योजना में किसकी क्या भूमिका थी और हथियारों की सप्लाई का पूरा नेटवर्क कैसे काम कर रहा था.
यह भी पढ़ें- 2027 चुनाव से पहले BJP का बड़ा सियासी दांव? राजा भैया के घर अचानक पहुंचे पंकज चौधरी, मुलाकात के क्या हैं मायने?
18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग
18 अक्टूबर को शाम करीब सात बजे मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी. राहत की बात यह रही कि अभिनेता सुरक्षित थे और उन्हें कोई चोट नहीं आई. घटना के बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था. गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से एक पोस्ट सामने आई थी, जिसमें दोनों को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया गया था.
