पिता के टुकड़े-टुकड़े करने के बाद लाश के पास बैठ बहन के साथ नॉनवेज खाता रहा था अक्षत, कृति ने की थी ये एक्टिंग!
Lucknow Murder Case: पिता की हत्या के बाद शव के पास बैठकर नॉनवेज खाते रहे अक्षत और कृति. आरोपी बेटे ने लोकेशन बदलने के लिए रची साजिश, बेटी की भूमिका संदिग्ध.
ADVERTISEMENT

लखनऊ के आशियाना के सेक्टर-एल में हुए शराब कारोबारी मानवेंद्र सिंह हत्याकांड में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है चौंकाने वाली जानकारियां सामने आ रही हैं. हत्या के बाद आरोपी बेटे अक्षत और उसकी बहन कृति की संवेदनहीनता ने जांच अधिकारियों को भी झकझोर दिया है.
शव के पास बैठकर खाया नॉनवेज
खुलासे के मुताबिक, पिता की हत्या के बाद दोनों बच्चे घर में रखे शव के पास बैठकर ही नॉनवेज खाते रहे. घर के भीतर लाश पड़ी रही और बाहर दोनों सामान्य दिनचर्या का दिखावा करते रहे. कृति रोज की तरह अपना एग्जाम देने जाती रही, जबकि अक्षत पिता के शव को ठिकाने लगाने के लिए बाजार से आरी और नीला ड्रम खरीदकर लाया. हद तो तब हो गई जब दोनों अपनी चाची नम्रता से भी रोजमर्रा की तरह मिलते रहे, ताकि किसी को कमरे में झांकने का शक न हो.
अब बेटी की भूमिका पर गहराया संदेह
पुलिस पूछताछ में यह बात साफ हुई है कि वारदात के समय बेटी कृति उसी कमरे में मौजूद थी और हत्या उसकी आंखों के सामने हुई. इसके बावजूद उसने चुप्पी साधे रखी. करीब 40 मिनट की कड़ी पूछताछ के बाद उसके बयान दर्ज किए गए हैं. अब पुलिस इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि कृति सिर्फ डरी हुई थी या इस पूरी साजिश में उसकी भी कोई भूमिका थी.
यह भी पढ़ें...
बच्चों की हरकतों से परेशान थे मानवेंद्र सिंह?
पड़ोसियों के अनुसार, मानवेंद्र सिंह बच्चों की हरकतों से परेशान थे और उन्होंने घर में सख्ती बढ़ा दी थी. वे अक्सर कहते थे कि बच्चों के भविष्य के लिए उन्होंने अपनी जिंदगी दांव पर लगा दी और दूसरी शादी तक नहीं की, यही बात अक्षत को काफी खटकती थी.
मालूम हो कि अक्षत ने इस वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया था. पुलिस की लोकेशन ट्रैकिंग में खुलासा हुआ है कि 20 फरवरी को वह काकोरी गया था. उसने वहां जानबूझकर अपना फोन ऑन किया ताकि पुलिस को उसकी आखिरी लोकेशन घर की बजाय काकोरी की मिले और वह शक के घेरे से बच सके.
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है. फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं और आरोपी से पूछताछ जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस खौफनाक हत्या की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी.
ये भी पढ़ें: पिता को बेरहमी से मारने के बाद लखनऊ का अक्षत क्या कर रहा था? पड़ोसियों ने जो देखा सब बताया










