लेटेस्ट न्यूज़

आवास योजना में पैसे मांगने की शिकायत पर बोलीं कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, '2000-2500 रुपये लेना कोई भ्रष्टाचार नहीं'

हाथरस में जन चौपाल के दौरान मंत्री बेबी रानी मौर्य के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. आवास योजना के नाम पर 2500 रुपये मांगने की शिकायत पर उन्होंने ऐसा क्या कहा, जिस पर भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठने लगे?

ADVERTISEMENT

Baby Rani
Baby Rani
social share
Google CTA

यूपी सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य का एक विवादित बयान सुर्खियों में बना हुआ है. हाथरस में जन चौपाल के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायत और उस पर उनके बयान ने नई सियासी और प्रशासनिक बहस छेड़ दी है. रमनपुर की मलिन बस्ती में पहुंचीं मंत्री से जब महिलाओं ने आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर पैसे मांगे जाने की शिकायत की तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि कागज बनवाने के लिए 2000-2500 रुपये लेने को भ्रष्टाचार नहीं माना जा सकता. मंत्री के इस बयान पर सवाल उठने लगे हैं कि क्या भ्रष्टाचार का पैमाना रकम के आधार पर तय होगा. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि गड़बड़ी पाए जाने पर जांच और कार्रवाई की गई है.

आवास योजना की शिकायत और मंत्री की सफाई

प्रभारी मंत्री के रूप में हाथरस के रमनपुर की मलिन बस्ती में आयोजित जन चौपाल के दौरान स्थानीय महिलाओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर शिकायत दर्ज कराई. आरोप लगाया गया कि पक्के मकान की योजना का लाभ दिलाने के एवज में उनसे पैसे मांगे जा रहे हैं.

आवास योजना में पैसे मांगे जाने के सवाल पर बेबी रानी मौर्य ने कहा कि 'कागज बनवाने के नाम पर 2000 या 2500 रुपये लिए गए हों तो वह करप्शन नहीं है.' जब संवाददाताओं ने भ्रष्टाचार की तय रकम को लेकर सवाल किए तो उन्होंने कहा कि कई लोगों के कागज पूरे नहीं होते और कोई अपनी जेब से तो बनवाएगा नहीं, साथ ही यह भी जोड़ा कि रकम के आधार पर भ्रष्टाचार तय करने का पैमाना उन्हें नहीं पता.

कार्रवाई और एफआईआर का दावा

विवाद के बीच मंत्री बेबी रानी मौर्य ने यह भी कहा कि संबंधित मामले में जांच हुई है और यदि किसी ने रिश्वत या करप्शन के नाम पर पैसे लिए हैं तो कार्रवाई होगी. इस दौरान विधायक की ओर से मामले में एफआईआर दर्ज होने और जांच आगे बढ़ने की बात भी कही गई.

बयान से उठे बड़े सवाल

मंत्री के बयान के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से कागजात या प्रक्रिया के नाम पर ली जाने वाली रकम को किस नजरिए से देखा जाना चाहिए. आलोचकों और आम लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि जरूरतमंद परिवारों के लिए 2,500 रुपये की रकम कितनी मायने रखती है और योजनाओं के क्रियान्वयन में ऐसी शिकायतों पर पूरी तरह रोक कैसे लगेगी.

ये भी पढ़ें: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वोट शेयर और सीटों का नया गणित, SCORE Intelligence के सर्वे में सामने आए ये आंकड़े