लेटेस्ट न्यूज़

गोंडा में बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा आयोजन, 2 से 8 जनवरी तक चलेगी 'सनातन की ओर कथा 2.0'

गोंडा में बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा आयोजन, 2 से 8 जनवरी तक चलेगी 'सनातन की ओर कथा 2.0'

ADVERTISEMENT

बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह जनवरी 2027 में गोंडा के नंदिनी नगर में सात दिवसीय 'सनातन की ओर कथा 2.0' का आयोजन कराने जा रहे हैं. इस बीच 26 नवंबर को सीएम योगी आदित्यनाथ से उनकी मुलाकात के बाद यूपी की सियासत में इस आयोजन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही नेताओं के जनसंपर्क का तरीका भी बदलता नजर आ रहा है. सियासी रैलियों, जनसभाओं और नारेबाजी के अलावा अब प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बड़े धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजनों के जरिए जनता से जुड़ने का एक नया दौर देखने को मिल रहा है. इसी कड़ी में बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं. वे नए साल की शुरुआत में अपने गढ़ गोंडा के नंदिनी नगर में सात दिवसीय कथा का आयोजन कराने जा रहे हैं. इस भव्य कार्यक्रम की तैयारियों के बीच 26 नवंबर को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई उनकी मुलाकात ने सियासी गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है.

नंदिनी नगर में सात दिवसीय कथा

बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह जनवरी में गोंडा के नंदिनी नगर में एक बड़े धार्मिक आयोजन की तैयारी में जुट गए हैं. इस पूरे कार्यक्रम को 'सनातन की ओर कथा 2.0' नाम दिया गया है. प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक यह आयोजन 2 जनवरी से शुरू होकर 8 जनवरी तक चलेगा. पूरे एक हफ्ते तक नंदिनी नगर में धार्मिक प्रवचनों, भजन और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा, जिसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इससे पहले जनवरी 2026 में भी उन्होंने इसी जगह पर राष्ट्रकथा का भव्य आयोजन कराया था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ कई राजनीतिक चेहरों की मौजूदगी ने भी सबका ध्यान खींचा था. अब 'सनातन की ओर कथा 2.0' को उसी पिछले आयोजन के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है.

सीएम योगी से मुलाकात की वजह

इस भव्य आयोजन की तैयारियों के बीच 26 नवंबर को बृजभूषण शरण सिंह लखनऊ पहुंचे और मुख्यमंत्री आवास पर सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. जानकारी के मुताबिक, इस भेंट के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री की मां सावित्री देवी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की. बृजभूषण सिंह ने बताया कि वे अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे, इसलिए शोक प्रकट करने के लिए मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे. इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री को जनवरी में होने वाले अपने प्रस्तावित कथा आयोजन के बारे में भी जानकारी दी. मुलाकात के बाद बृजभूषण सिंह की ओर से इसे एक पारिवारिक और शिष्टाचार भेंट बताया गया है.

धार्मिक आयोजनों के पीछे सियासी संदेश

भले ही इस मुलाकात को औपचारिक रूप से पारिवारिक संवेदना और शिष्टाचार भेंट कहा जा रहा हो, लेकिन उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक हलचल और आगामी चुनाव की तैयारियों के बीच इसे सियासी चश्मे से भी देखा जा रहा है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बड़े आयोजनों से पहले शीर्ष नेतृत्व से संवाद और समन्वय के अपने खास संकेत होते हैं. दरअसल, 2027 के चुनाव से पहले राज्य के अलग-अलग इलाकों में सत्तारूढ़ दल के कई नेता और मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में राम कथा, भागवत कथा और शिव महापुराण जैसे बड़े धार्मिक कार्यक्रम करा रहे हैं. सियासी विश्लेषकों के मुताबिक, इन आयोजनों के जरिए नेता किसी राजनीतिक मंच के बिना भी हजारों लोगों से भावनात्मक और सामाजिक जुड़ाव कायम रखते हैं. अब देखना यह होगा कि जनवरी में होने वाले इस आयोजन में कौन-कौन से चेहरे शामिल होते हैं और यह कार्यक्रम धार्मिक मंच के साथ क्या राजनीतिक संदेश देता है.

यह भी पढ़ें: UP IPS Transfer: यूपी में 28 आईपीएस अफसरों का तबादला, चार जिलों को मिले नए पुलिस कमिश्नर