UP Weather: कल यूपी के 31 जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी, सहारनपुर से लेकर मऊ तक छाएगा घना कोहरा
उत्तर प्रदेश में ठंड के साथ कोहरे का असर बढ़ने लगा है. मौसम विभाग ने 28 नवंबर को प्रदेश के 31 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है. हालांकि, पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है.
ADVERTISEMENT

UP Weather: उत्तर प्रदेश में अब ठंड के साथ-साथ कोहरे का असर भी बढ़ने लगा है. सुबह और रात के समय कई जिलों में धुंध और कोहरा देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने 28 नवंबर 2026 यानी कल के लिए प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों ही हिस्सों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना जताई है, जिसको लेकर 31 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने राहत की जानकारी भी दी है. IMD के मुताबिक कल प्रदेश में बारिश की कोई भी संभावना नहीं है और पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
28 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार 28 नवंबर को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान बारिश का कोई अनुमान नहीं है. हालांकि सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिल सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार कल यूपी के 31 जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है, जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में सुबह के समय सड़क पर निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
31 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी करके बताया 28 नवंबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के 31 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट किया गया है. इनमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, अंबेडकर नगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, आजमगढ़ और मऊ जिले शामिल हैं.
बीते दिन का मौसम और तापमान
पिछले 24 घंटों में पूर्वी और पश्चिमी दोनों मौसम संभागों में मौसम शुष्क रहा और सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा दर्ज किया गया. इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा भी देखा गया. इस दौरान प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम दृश्यता 100 मीटर आजमगढ़ में दर्ज की गई. वहीं गुरुवार 26 नवंबर को राज्य में अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस बांदा और झांसी में दर्ज किया गया. इसके साथ ही 27 नवंबर को दर्ज न्यूनतम तापमान में सबसे कम 8.4 डिग्री सेल्सियस इटावा और कानपुर शहर में रिकॉर्ड हुआ है.
यह भी पढ़ें: UP IPS Transfer: यूपी में 28 आईपीएस अफसरों का तबादला, चार जिलों को मिले नए पुलिस कमिश्नर
