आजम खान के आरोपों पर असदुद्दीन ओवैसी ने किया पलटवार, बोले- 'मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान सैफई में नाच-गाना चल रहा था'

ADVERTISEMENT
उत्तर प्रदेश की राजनीति में अब मुस्लिम सियासत को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के लगातार हमलों के बाद अब एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अपनी लंबी खामोशी तोड़ते हुए चुन-चुन कर जवाब देना शुरू कर दिया है.
उत्तर प्रदेश की राजनीति में अब मुस्लिम सियासत को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के लगातार हमलों के बाद अब एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अपनी लंबी खामोशी तोड़ते हुए चुन-चुन कर जवाब देना शुरू कर दिया है. लखनऊ में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की सफल रैली के बाद ओवैसी ने सीधे तौर पर आजम खान और समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला बोला है. दूसरी तरफ, सहारनपुर की सीटों को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा के बीच चल रही खींचतान पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की नसीहत भी सामने आई है, लेकिन इमरान मसूद अपनी जमीन छोड़ने को तैयार नजर नहीं आ रहे हैं.
आजम के तंज पर ओवैसी का जवाब
दरअसल, आजम खान ने हाल ही में ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा था कि अगर उन्हें इतनी ही फिक्र थी, तो वे जब टांडा जाते समय उनके घर के सामने से गुजरे थे, तो घर आ सकते थे. आजम ने कहा था कि उनकी पत्नी बीमार थी और ओवैसी मुफ्त के फोन से एक मिस कॉल तो कर ही सकते थे. आजम खान के इस तंज का जवाब देते हुए ओवैसी ने मुजफ्फरनगर दंगों और अखलाक मामले की याद दिला दी. ओवैसी ने कहा कि वे अखलाक सैफी के घर गए थे, जिनकी मॉब लिंचिंग में मौत हुई थी और उनकी बुजुर्ग मां को पीटा गया था. ओवैसी ने हमला बोलते हुए कहा कि जब मुजफ्फरनगर में दंगे हुए थे, लोग सर्दी में तड़प रहे थे, बच्चे मर रहे थे और महिलाओं के साथ अत्याचार हुआ था, तब अखिलेश यादव सैफई में बैठकर मुंबई के फिल्म स्टारों का नाच-गाना देख रहे थे और झूम रहे थे.
मुस्लिम सियासत पर वर्चस्व की लड़ाई
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह सिर्फ दो नेताओं के बीच का वाकयुद्ध नहीं है, बल्कि यूपी में मुस्लिम सियासत का नेतृत्व करने की लड़ाई है. एक तरफ आजम खान हैं, जो ओवैसी के यूपी में पैर जमाने की कोशिशों के जवाब में सपा के साथ हैदराबाद जाने की बात कह रहे हैं. वहीं, दूसरी तरफ लखनऊ की रैली से ओवैसी ने सीधे अखिलेश यादव को ललकारते हुए कहा कि अब मुस्लिम समाज का वोट लेकर उनसे दरी नहीं बिछवाई जाएगी, अब 'अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा'. इसी मंच से आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने भी बड़ा दांव चलते हुए ऐलान कर दिया कि अब उत्तर प्रदेश में उपमुख्यमंत्री मुस्लिम होगा.
सहारनपुर की सीट नहीं छोड़ेंगे इमरान
इस बीच, सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का बयान सामने आया है. खड़गे ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जीत पक्की करने के लिए सबको मिलकर लड़ना होगा और किसी को भी अहंकार की बात नहीं करनी चाहिए, चाहे वह हमारी पार्टी हो या गठबंधन की कोई दूसरी पार्टी. हालांकि, इमरान मसूद ने खड़गे की इस 'अहंकार' वाली नसीहत को अखिलेश यादव के लिए बताया है. आलाकमान के दखल के बाद इमरान मसूद के तेवर भले ही थोड़े नरम पड़े हों, लेकिन वे सहारनपुर की उन दो सीटों पर अपना दावा किसी कीमत पर छोड़ने को तैयार नहीं हैं, जहां सपा ने अपने मौजूदा विधायकों को टिकट दे दिया है. अगर सीधी उंगली से बात नहीं बनी, तो वे इन सीटों पर अपने उम्मीदवार हर हाल में उतारेंगे.
यह भी पढ़ें: सपा के मैनिफेस्टो पर सीएम योगी का पहला रिएक्शन, 25 लाख नौकरी के वादे पर अखिलेश को घेरा
