यूपी में किसके चेहरे पर 2027 का चुनाव लड़ेगी BJP? केशव प्रसाद मौर्य के 'कमल के फूल' वाले बयान के बाद CM ने भी दिया जवाब

ADVERTISEMENT
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर बहस तेज हो गई है. केशव मौर्य के बयान के बाद स्वतंत्र देव सिंह ने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कही है. इसके साथ ही सीएम योगी ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर एक तरफ सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं, तो वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के भीतर मुख्यमंत्री की कुर्सी और चुनावी चेहरे को लेकर नई बहस छिड़ गई है. सवाल यह उठ रहा है कि क्या 2027 का चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर ही लड़ा जाएगा या फिर मुख्यमंत्री का फैसला चुनाव के बाद होगा. इस पूरी चर्चा को हवा दी है उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के एक बयान ने, जो उन्होंने जौनपुर में दिया. उनके इस बयान के बाद सरकार के दूसरे उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं, जबकि खुद सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी एक कार्यक्रम में इस मुद्दे पर अपनी बात रखकर सियासी संदेश दे दिया है.
केशव मौर्य के बयान से हलचल
जौनपुर में जब उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से 2027 के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बीजेपी का चेहरा कमल का फूल होता है. उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद विधायक चुनकर आते हैं और केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में होने वाली बैठक में सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना जाता है. केशव मौर्य ने कहा कि वर्तमान में योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं, लेकिन आगे वे मुख्यमंत्री होंगे या कोई और, यह वे तय नहीं कर सकते बल्कि चुने हुए विधायक तय करेंगे. उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस को 'प्राइवेट लिमिटेड' बताते हुए कहा कि बीजेपी में एक लोकतांत्रिक सिस्टम है. वहीं, दूसरे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक भी केशव मौर्य के सुर में सुर मिलाते दिखे और कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जो कह दिया वही फाइनल है और सब नेतृत्व का आदेश मानते हैं.
स्वतंत्र देव का योगी को समर्थन
केशव प्रसाद मौर्य के बयान के बाद उठे सवालों के बीच जालौन पहुंचे कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने दो टूक जवाब दिया. उन्होंने साफ कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव आदरणीय योगी जी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा और इसमें कोई शक-सुबहा नहीं होना चाहिए. स्वतंत्र देव सिंह ने योगी आदित्यनाथ को एक ईमानदार और परिश्रम की पराकाष्ठा करने वाला नेतृत्व बताया. उन्होंने कहा कि सपा शासन में लोग शाम 5 बजे और रात 12 बजे घर से नहीं निकल पाते थे, लेकिन आज योगी शासन में कानून का राज है और लोग रात 12 बजे भी बेखौफ निकलते हैं. उन्होंने ईमानदारी से नौकरी, राशन, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और फैक्ट्रियों का जिक्र करते हुए कहा कि योगी जी के नेतृत्व में बुंदेलखंड का पलायन रुका है और आज कोई भूख से नहीं मरता.
सीएम चेहरे पर बोले योगी आदित्यनाथ
पार्टी नेताओं की अलग-अलग बयानबाजी के बीच एक न्यूज़ चैनल के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बड़ा बयान दिया. जब उनसे सीएम चेहरे को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि सीएम चेहरा कौन है, यह सब जानते हैं और कमल का फूल हमारे लिए सब कुछ है. इसके साथ ही दिल्ली और लखनऊ के बीच तनातनी के दावों को खारिज करते हुए योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिन लोगों की दलाली उन्होंने बंद कर दी है, वे लोग गलत नैरेटिव बना रहे हैं, जबकि पीएम मोदी हमारे आदर्श हैं. गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भी बीजेपी में कुछ ऐसी ही स्थिति बनी थी, लेकिन आखिरकार चुनाव से पहले योगी आदित्यनाथ को ही चेहरा घोषित किया गया और उन्हीं के नेतृत्व में बीजेपी ने रिकॉर्ड जीत दर्ज कर दोबारा सरकार बनाई थी.
यह भी पढ़ें: UPPSC को मिला नया चेयरमैन, IPS आलोक सिंह को मिली जिम्मेदारी, जानें कौन हैं ये?
