सपा से सीट बंटवारे पर नाराज इमरान मसूद को खड़गे ने क्या सलाह दी? बोले- काम पर ध्यान दें
सपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर लगातार बयान दे रहे इमरान मसूद को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने काम पर ज्यादा ध्यान देने की सलाह दी है.
ADVERTISEMENT

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद का जिक्र करते हुए उन्हें काम पर ज्यादा ध्यान देने की सलाह दी है. खड़गे ने कहा कि वह इमरान मसूद को अक्सर टीवी पर सुनते हैं. वह बड़े जोश के साथ अपनी बात रखते हैं, लेकिन पार्टी के नेताओं को सिर्फ बोलने के बजाय काम पर भी ध्यान देना चाहिए.
लखनऊ में खड़गे ने इमरान मसूद की तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि इमरान संसद में पार्टी के लिए लगातार लड़ते हैं और कांग्रेस का पक्ष मजबूती से रखने की कोशिश करते हैं. हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने संदेश भी दिया कि पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए नेताओं को मिलकर काम करना होगा.
खड़गे की इस टिप्पणी को इमरान मसूद के लगातार आ रहे बयानों के संदर्भ में देखा जा रहा है. इमरान पिछले कुछ दिनों से सपा के साथ सीट शेयरिंग को लेकर खुलकर नाराजगी जता रहे हैं. उन्होंने यहां तक कह दिया है कि कांग्रेस अखिलेश यादव से सीटों की भीख नहीं मांग रही है.
क्यों नाराज हैं इमरान मसूद?
विवाद की शुरुआत तब हुई, जब सपा ने कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के बीच विधानसभा चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी. इस सूची में सहारनपुर से आशु मलिक और बेहट से उमर अली खान को टिकट दिया गया है.
ये दोनों सीटें इमरान मसूद के लोकसभा क्षेत्र सहारनपुर के अंतर्गत आती हैं. इमरान चाहते थे कि इन सीटों पर कांग्रेस को चुनाव लड़ने का मौका मिले. सपा की तरफ से उम्मीदवार घोषित किए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई.
इमरान मसूद ने कहा कि अगर दोनों दल गठबंधन की बात कर रहे हैं तो उम्मीदवारों की घोषणा भी मिलकर होनी चाहिए. उनका कहना था कि गठबंधन में फैसले एकतरफा नहीं होने चाहिए. अगर सपा अपनी मर्जी से सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर रही है तो फिर सीट बंटवारे की बातचीत का क्या मतलब रह जाता है?
खड़गे ने इमरान मसूद की तारीफ भी की
कांग्रेस अध्यक्ष ने इमरान मसूद के संसद में काम करने के तरीके का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इमरान संसद में पार्टी के लिए लगातार लड़ते हैं और कांग्रेस का पक्ष मजबूती से रखने की कोशिश करते हैं.
खड़गे के मुताबिक, पार्टी के सभी नेताओं को एक साथ मिलकर काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि जितना ज्यादा नेता मिलकर काम करेंगे, पार्टी उतनी ही आगे बढ़ेगी. उनका संदेश था कि केवल टीवी पर अपनी बात रखने या भाषण देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि जनता के बीच जाकर संगठन के लिए भी मेहनत करनी होगी.
ये भी पढ़ें- यूपी में किसके साथ है गैर-यादव OBC वोटर? SCORE सर्वे में बीजेपी, सपा और बसपा को मिल रहा कितना वोट शेयर
