लेटेस्ट न्यूज़

पूर्वांचल की बात: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले NDA में घमासान! अतरौलिया सीट पर आमने-सामने ओपी राजभर और संजय निषाद

अतरौलिया विधानसभा सीट के लिए फिर भिड़े ओम प्रकाश राजभर और संजय निषाद. राजभर ने कहा है कि एनडीए में सीटों का फैसला संजय निषाद नहीं, बल्कि अमित शाह जैसे बड़े नेता करते हैं. वहीं संजय निषाद ने भी इसका पलटवार किया है.

ADVERTISEMENT

Sanjay Nishad VS OP Rajbhar
Sanjay Nishad VS OP Rajbhar
social share
Google CTA

यूपी तक के खास शो 'पूर्वांचल की बात' में हम पूर्वांचल से जुड़ी खबर बताते हैं. आज बात होगी आजमगढ़ जिले की अतरौलिया विधानसभा सीट की, जहां से आगामी विधानसभा चुनाव 2027 लड़ने के लिए NDA के 2 घटक दल आपस में ही लड़ रहे हैं. दरअसल संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर दोनों ही इस सीट से अपने उम्मीदवारों को चुनाव लड़ाना चाहते हैं, जिसको लेकर दोनों का एक ताजा विवाद सामने आया है. राजभर ने कहा है कि एनडीए में सीटों का फैसला संजय निषाद नहीं, बल्कि अमित शाह जैसे बड़े नेता करते हैं. वहीं संजय निषाद ने भी इसका पलटवार किया है.

अब दोनों के बीच इस तीखी बयानबाजी के बाद ये सवाल उठने लगा है कि 2027 के चुनाव में अतरौलिया सीट किसके खाते में जाएगी और क्या इस विवाद का असर एनडीए के गठबंधन पर भी पड़ सकता है. बता दें अतरौलिया से अब तक न तो बीजेपी, न निषाद पार्टी और न ही राजभर की पार्टी चुनाव जीत सकी है. इस सीट पर सपा का कब्जा रहा है. 

अतरौलिया सीट पर खींचतान

अतरौलिया सीट को लेकर संजय निषाद और ओम प्रकाश राजभर आमने-सामने आ गए हैं. बीते दिनों संजय निषाद ने अतरौलिया में कार्यक्रम के दौरान शक्ति प्रदर्शन किया और पिछली बार की तरह दोबारा चुनाव लड़ने का जिक्र किया है. वहीं ओम प्रकाश राजभर अपने बेटे अरुण राजभर को अतरौलिया से मैदान में उतारना चाहते हैं, जिससे दोनों के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं.

राजभर बोले, अमित शाह करेंगे फैसला

अतरौलिया सीट पर संजय निषाद की दावेदारी को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि एनडीए में सीटों का बंटवारा संजय निषाद नहीं करते हैं. इसका फैसला पार्टी के बड़े नेता करते हैं. उन्होंने कहा, 'एनडीए में सीटें अमित शाह डिसाइड करते हैं, संजय निषाद नहीं. पहले जानकारी होनी चाहिए कि अतरौलिया में कितना वोट राजभर का है, कितना वोट निषाद का है, कितना वोट चमार का है, कितना वोट राजपूत का है, कितना वोट ब्राह्मण का है और कितना वोट यादव का है.'

राजभर ने आगे कहा कि इस सीट पर प्रजापति, पाल, गोंड, नाई, धोबी, कुशवाहा और चौहान समाज के वोटों की भी जानकारी होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि बिना पूरी जानकारी के कोई भी बयान देने के लिए स्वतंत्र है.

जब उनसे पूछा गया कि क्या संजय निषाद से उनकी इस मुद्दे पर बातचीत हुई है, तो उन्होंने कहा, 'हमारी उनसे कौन बातचीत होनी है? बातचीत के मालिक संजय निषाद थोड़े हैं. मालिक तो नितिन नवीन जी हैं, अमित शाह जी हैं. वो लोग सीट बांटते हैं.'

संजय निषाद ने भी खोला मोर्चा

संजय निषाद भी अतरौलिया सीट को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं दिख रहे हैं. उन्होंने अपनी पार्टी की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि निषाद समाज के लोग पूरे उत्तर प्रदेश में हैं और उनकी मौजूदगी सिर्फ एक जिले तक सीमित नहीं है. उन्होंने कहा, 'निषादों की संख्या अधिक है. हम 403 विधानसभाओं में हैं. हम एक जिले में नहीं हैं. हम 403 विधानसभाओं में भारतीय जनता पार्टी को जीत दिला रहे हैं.'

संजय निषाद ने आगे कहा, 'मैंने 11-16 सीटों पर BJP को जीत दी हैं, जिसकी वजह से भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई है. जिनकी आप बात कर रहे हैं, वह भारतीय जनता पार्टी में नहीं थे, तब भी 2019 में जीते, 2022 में जीते.' उन्होंने यह भी कहा कि निषाद समाज जिस पार्टी के साथ रहता है, ईमानदारी से रहता है.

बदलते समीकरण और चर्चाएं

अतरौलिया सीट की लड़ाई के बीच राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा चल रही है कि क्या इस खींचतान के बीच संजय निषाद कोई नया रुख अपना सकते हैं. हाल ही में ओम प्रकाश राजभर ने अपने बेटे के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन के बाद उनके पैतृक गांव पंचूर पहुंचने वाले शुरुआती नेताओं में संजय निषाद शामिल थे. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि अतरौलिया से टिकट किसको मिलता है और एनडीए में आगे क्या स्थिति बनती है.

यह भी पढ़ें: गठबंधन के बाद लखनऊ में आज असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर की पहली बड़ी रैली