गठबंधन के बाद लखनऊ में आज असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर की पहली बड़ी रैली, दोनों दिखाएंगे दम
यूपी चुनाव 2027 से पहले लखनऊ में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त रैली से सियासी हलचल तेज है. संविधान दिवस पर होने वाले इस शक्ति प्रदर्शन में गठबंधन की आगे की रणनीति और तीसरे दल की एंट्री को लेकर क्या बड़ा ऐलान होगा?
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नए सियासी समीकरणों की बिसात बिछनी शुरू हो गई है. संविधान दिवस (26 नवंबर) के मौके पर आज लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी एक मंच पर नजर आएंगे. सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले होने वाली यह महारैली दोनों दलों के गठबंधन के बाद पहला बड़ा शक्ति प्रदर्शन मानी जा रही है.
संविधान दिवस पर सियासी हलचल, सपा का घोषणा पत्र भी आज
उत्तर प्रदेश में आज का दिन सियासी लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है. एक तरफ जहां समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव अपना घोषणा पत्र जारी करने जा रहे हैं. वहीं दूसरी ओर राजधानी लखनऊ में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त रैली पर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों की निगाहें टिकी हुई हैं.
गठबंधन के विस्तार और तीसरे दल को जोड़ने की तैयारी
इस मंच के जरिए दोनों दल प्रदेश में अपने गठबंधन की ताकत दिखाने के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी चुनावी रणनीति और आगे की कार्ययोजना को सामने रखेंगे. आयोजकों के अनुसार, सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के इस दायरे को और बड़ा करने के लिए गठबंधन में किसी तीसरे दल का समर्थन हासिल करने की कोशिशें भी जारी हैं.
(पल-पल की अपडेट के लिए बने रहें यूपी Tak के लाइव ब्लॉग के साथ).
