चंदौली में विधायक सुशील सिंह के काफिले की गाड़ियों को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, साजिश’ की आशंका पर जांच तेज

ADVERTISEMENT
चंदौली में बीजेपी विधायक सुशील सिंह के काफिले की कई गाड़ियों को स्कॉर्पियो ने टक्कर दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह हादसा चुनाव से पहले संदिग्ध माना जा रहा है.
बिहार के चर्चित नेता अनंत सिंह की बेटी की शादी का निमंत्रण देकर लौट रहे सैयदराजा से भाजपा विधायक सुशील सिंह का काफिला चंदौली में हादसे का शिकार हो गया. सदर कोतवाली क्षेत्र के झांसी गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर एक तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो ने उनके काफिले की तीन गाड़ियों को एक के बाद एक टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जबकि विधायक सुशील सिंह पूरी तरह सुरक्षित हैं. घटना को संदिग्ध बताते हुए विधायक ने पुलिस से गहन जांच की मांग की है.
मोकामा से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, भाजपा विधायक सुशील सिंह बिहार के मोकामा से अपने समर्थकों के साथ वापस लौट रहे थे, जहां वे विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी का निमंत्रण देने गए थे. उनके काफिले में एक दर्जन से अधिक गाड़ियां शामिल थीं. जब यह काफिला चंदौली सदर कोतवाली क्षेत्र के झांसी गांव के समीप नेशनल हाईवे-19 से गुजर रहा था, तभी अचानक एक तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो काफिले में जा घुसी और तीन वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी.
पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो, चार लोग घायल
काफिले की तीन गाड़ियों को क्षतिग्रस्त करने के बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई. इस हादसे में कुल चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया.
विधायक ने जताई साजिश की आशंका
हादसे में बाल-बाल बचे विधायक सुशील सिंह ने इस घटना को सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए संदेह जताया है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच करने के लिए पुलिस से मांग की है ताकि हादसे के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके.
