डॉक्टर बनने नागपुर पहुंचा यूपी का छात्र, पहले ही दिन कपड़े उतरवाए, मुर्गा बनाया और की अश्लील हरकतें, रैगिंग का ये मामला हिला देगा!
डॉक्टर बनने का सपना लेकर उत्तर प्रदेश के हमीरपुर से नागपुर पहुंचे 19 साल के स्टूडेंट के साथ कथित रैगिंग का मामला सामने आया है. नागपुर के गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज में BDS प्रथम वर्ष के छात्र के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कॉलेज में आने के पहले ही दिन 13 से 14 सीनियर छात्रों ने उसके साथ बदसलूकी की.
ADVERTISEMENT

Student Ragging Case: डॉक्टर बनने का सपना लेकर उत्तर प्रदेश के हमीरपुर से नागपुर पहुंचे 19 साल के स्टूडेंट के साथ कथित रैगिंग का मामला सामने आया है. नागपुर के गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज में BDS प्रथम वर्ष के छात्र के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कॉलेज में आने के पहले ही दिन 13 से 14 सीनियर छात्रों ने उसके साथ बदसलूकी की. आरोप है कि हॉस्टल में छात्र के कपड़े उतरवाए गए, उसे मुर्गा बनाया गया और अश्लील हरकतें की गईं. इस घटना के बाद वह इतना डर गया कि अब कॉलेज में पढ़ाई जारी रखने से भी घबरा रहा है. मामले में परिवार ने कॉलेज प्रशासन और डीन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं. वहीं, अजनी पुलिस में शिकायत के बाद 4 छात्रों के नाम सामने आए हैं और पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
पहले ही दिन रैगिंग का आरोप
छात्र उत्तर प्रदेश के हमीरपुर का रहने वाला है. परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बताई जा रही है. NEET परीक्षा के आधार पर उसे BDS में दाखिला मिला था. इसके बाद परिवार ने उसे डॉक्टर बनाने का सपना देखते हुए नागपुर पढ़ने भेजा. छात्र की मौसी रुहीना सिद्दीकी के मुताबिक उसका एडमिशन 26 अक्टूबर को हुआ था. वह पढ़ाई के लिए नागपुर पहुंचा ही था कि पहले दिन कथित तौर पर 13 से 14 सीनियर छात्रों ने उसकी रैगिंग की. मौसी का आरोप है कि हॉस्टल में उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, कपड़े उतरवाए गए, मुर्गा बनाया गया और अश्लील हरकतें की गईं. परिवार का कहना है कि जिस उम्मीद के साथ छात्र ने कॉलेज में कदम रखा था, वहां उसे ऐसे अनुभव का सामना करना पड़ा.
यह भी पढ़ें- आजम खान के हमलों के बीच आ गया ओवैसी का तगड़ा जवाब, बोले-हमारे पांव का कांटा हमीं से निकलेगा
घटना के बाद सहमा छात्र
परिजनों के मुताबिक कथित रैगिंग की घटना का छात्र पर गहरा असर पड़ा. वह बुरी तरह डर गया और मानसिक रूप से परेशान रहने लगा. रुहीना सिद्दीकी का कहना है कि घटना के बाद उसे घबराहट होने लगी और एंग्जायटी की परेशानी सामने आई. छात्र ने जब परिवार और अपनी मौसी को आपबीती बताई, तब उन्हें पूरे मामले की गंभीरता का पता चला. परिवार का कहना है कि वह न तो धूम्रपान करता था और न ही शराब का सेवन करता था. वह केवल पढ़ाई करने और डॉक्टर बनने का सपना लेकर घर से निकला था. लेकिन कथित प्रताड़ना के बाद अब उसकी कॉलेज में पढ़ाई जारी रखने की इच्छा भी खत्म हो गई है.
10 लाख रुपये के बॉन्ड पर परिवार ने उठाए सवाल
मामले में कॉलेज प्रशासन की भूमिका को लेकर भी परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं. रुहीना सिद्दीकी के मुताबिक एडमिशन के समय कॉलेज प्रशासन ने परिवार से 10 लाख रुपये का बॉन्ड साइन करवाया था. परिवार का आरोप है कि उन्हें बताया गया था कि अगर वे एडमिशन रद्द करवाते हैं तो उन्हें 10 लाख रुपये देने होंगे. रैगिंग की घटना के बाद छात्र कॉलेज में नहीं रहना चाहता, ऐसे में परिवार इस बॉन्ड को लेकर भी चिंतित है. परिजनों का सवाल है कि अगर किसी विद्यार्थी को कॉलेज में सुरक्षित माहौल नहीं मिलता और वह पढ़ाई छोड़ना चाहता है, तो उस पर इतनी बड़ी रकम का दबाव क्यों होना चाहिए. हालांकि, बॉन्ड की शर्तों और परिवार के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
यह भी पढ़ें- काशी विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा के दर्शन के बाद अनंत अंबानी ने मंदिर में दान किए 6 करोड़ रुपये
डीन पर रैगिंग को सामान्य बताने का आरोप
रुहीना सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने रैगिंग का मामला कॉलेज प्रशासन के सामने उठाया तो डीन की तरफ से इसे सामान्य घटना की तरह बताया गया. उनके मुताबिक डीन की ओर से कहा गया कि ऐसी घटनाएं होती रहती हैं. परिवार का आरोप है कि जब सदस्य छात्र से मिलने और हॉस्टल की स्थिति देखने पहुंचे तो उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई. परिजनों ने डीन और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठकर बात करने की कोशिश भी की, लेकिन उन्हें मुलाकात का मौका नहीं मिल रहा है. रुहीना का कहना है कि छात्र को वापस भेजने की बात तो कही जा रही है, लेकिन परिवार के सवालों और शिकायतों का संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा. इस वजह से कॉलेज प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
4 छात्रों के नाम आए सामने
इस मामले में अजनी पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई गई है. शिकायत में चार छात्रों के नाम सामने आए हैं, जिनमें आयुष सी आर, नरेंद्र सिंग, अमान खान और एक अन्य छात्र शामिल हैं. पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है. फिलहाल परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के बीच मामले की जांच और कार्रवाई को लेकर सवाल बने हुए हैं.
