अयोध्या से सीता के मायके जाने वाली ट्रेन जयनगर में 2 घंटे क्यों रुकेगी? जानिए इस स्टेशन पर क्या होगा
अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम जाने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस में जयनगर स्टेशन पर यात्रियों को दो घंटे तक रुकना होगा. यहां दस्तावेज और सामान की जांच होगी, लेकिन इमिग्रेशन की सुविधा शुरू नहीं होने से फिलहाल सिर्फ भारतीय और नेपाली नागरिक ही इस ट्रेन से सफर कर सकेंगे.
ADVERTISEMENT

अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम जाने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस में यात्रियों को बिहार के जयनगर स्टेशन पर करीब दो घंटे रुकना होगा. यह सामान्य स्टॉपेज नहीं है. यहां भारत से नेपाल जाने वाले यात्रियों के दस्तावेज और सामान की जांच की जाएगी. कस्टम विभाग के साथ सशस्त्र सीमा बल (SSB), रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवान भी जांच प्रक्रिया में शामिल रहेंगे.
भारत से नेपाल जाने वाली ट्रेन बिहार के जयनगर स्टेशन से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करेगी, इसलिए यहां सुरक्षा और कस्टम से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी. यात्रियों को इस दौरान अपनी पहचान से जुड़े दस्तावेज दिखाने पड़ सकते हैं. सामान की भी जांच होगी. किसी यात्री या उसके सामान पर संदेह होने पर उसे ट्रेन से उतारकर स्कैनिंग की जा सकती है.
जयनगर में ही क्यों होगी जांच?
सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या से चलकर उत्तर प्रदेश और बिहार के कई शहरों से गुजरने के बाद जयनगर पहुंचेगी. बिहार के मधुबनी जिले में स्थित जयनगर भारत का आखिरी स्टेशन है, जहां से ट्रेन नेपाल के जनकपुर धाम की ओर जाएगी.
भारत और नेपाल के बीच रेल से सीमा पार करते समय यात्रियों और उनके सामान की जांच जरूरी होती है. इसी वजह से रेलवे ने जयनगर में ट्रेन के लिए लंबा ठहराव तय किया है. यहां कस्टम विभाग और सुरक्षा एजेंसियां अपनी प्रक्रिया पूरी करेंगी. जांच पूरी होने के बाद ही ट्रेन नेपाल के लिए रवाना होगी.
रेलवे की ओर से तय समय के मुताबिक, अयोध्या से जनकपुर जाने वाली ट्रेन जयनगर में सुबह 8:30 बजे पहुंचेगी. यहां दो घंटे रुकने के बाद सुबह 10:30 बजे नेपाल के लिए रवाना होगी.
क्या जयनगर में इमिग्रेशन जांच भी होगी?
यहां एक जरूरी बात समझनी होगी. जयनगर में कस्टम और सुरक्षा एजेंसियों की जांच की व्यवस्था है, लेकिन फिलहाल यहां ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन (BoI) की इमिग्रेशन क्लियरेंस सुविधा चालू नहीं है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी वजह से सरयू-कमला एक्सप्रेस में शुरुआती तौर पर सिर्फ भारतीय और नेपाली नागरिकों को सफर की अनुमति होगी. दूसरे देशों के नागरिक फिलहाल इस ट्रेन से यात्रा नहीं कर सकेंगे.
जयनगर में SSB की 48वीं बटालियन के कमांडेंट राजेंद्र सिंह ने भी इसकी पुष्टि की है. उनके मुताबिक, इमिग्रेशन की सुविधा शुरू होने के बाद दूसरे देशों के नागरिकों को यात्रा की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है. फिलहाल SSB के जवान यात्रियों के दस्तावेजों की जांच करेंगे.
वापसी में कितना समय रुकेगी ट्रेन?
- अयोध्या से जनकपुर: ट्रेन मंगलवार सुबह 8:30 बजे जयनगर पहुंचेगी और सुबह 10:30 बजे रवाना होगी. ठहराव दो घंटे का होगा.
- जनकपुर से अयोध्या: ट्रेन शनिवार दोपहर 2:10 बजे जयनगर पहुंचेगी और दोपहर 3:10 बजे रवाना होगी. इस तरफ ठहराव एक घंटे का होगा.
कब से शुरू होगी नियमित ट्रेन सेवा?
सरयू-कमला एक्सप्रेस को 23 नवंबर 2026 को हरी झंडी दिखाई गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को रवाना किया. इसकी नियमित यात्री सेवा 28 नवंबर से शुरू होनी है.
ट्रेन करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करके अयोध्या और जनकपुर धाम को जोड़ेगी. इसका ठहराव अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर में होगा.
ये भी पढ़ें- अयोध्या से जनकपुर जाने वाली ट्रेन में बैठने से पहले जान लें ये नियम, वरना टिकट होने के बावजूद भी नहीं कर पाएंगे सफर
