बालों में कलर कराने पर भड़का पति, काट दी पत्नी की चोटी! कटी चुटिया लेकर थाने पहुंची महिला

ADVERTISEMENT
मेरठ में शक के चलते पति पर पत्नी से मारपीट करने और उसकी चोटी काटने का गंभीर आरोप लगा है. पीड़िता कटी चोटी लेकर थाने पहुंची और ज्वलनशील पदार्थ डालने की कोशिश का भी आरोप लगाया. पुलिस ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया है.
मेरठ: चार साल पहले जिस शख्स के साथ सात जन्मों का साथ निभाने की कसमें खाई थीं, उसी पर एक महिला ने शक के चलते बेरहमी से मारपीट करने और चोटी काटने का गंभीर आरोप लगाया है. समर गार्डन क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता का दावा है कि बालों में कलर कराने की बात पर भड़के पति व ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट की और ज्वलनशील पदार्थ डालने की भी कोशिश की. किसी तरह जान बचाकर कटी हुई चोटी के साथ थाने पहुंची महिला ने पुलिस से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है.
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी को चार साल हो चुके हैं और उसका पति मिनी मेट्रो चलाता है. महिला का आरोप है कि पति को उस पर किसी अन्य से संबंध होने का शक रहता है, जिसके चलते घर में आए दिन विवाद, गाली-गलौज और मारपीट होती है.
महिला ने बताया कि शनिवार को वह अपने बालों में कलर व अन्य ट्रीटमेंट करवाने गई थी. इसी बात से नाराज होकर उसके पति, सास और दो देवरों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और उसकी चोटी काट दी.
ज्वलनशील पदार्थ डालने और समय रहते बचाव का दावा
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उस पर ज्वलनशील/तेजाब जैसा पदार्थ डालने की भी कोशिश की गई. उसके अनुसार, यदि पड़ोसी समय रहते पुलिस को सूचना नहीं देते तो उसके साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी. पुलिस के पहुंचने से वह बच निकली और बाद में अपनी कटी हुई चोटी लेकर थाने पहुंची, जहां पुलिसकर्मियों ने उसे कार्रवाई और न्याय का भरोसा दिलाया.
पुलिस का क्या कहना है?
मामले को लेकर सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि समर गार्डन की रहने वाली एक महिला ने अपने पति रिहान पर मारपीट करने और बाल काटने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
