लेटेस्ट न्यूज़

कानपुर में 26 नवंबर से सजेगा 5 दिवसीय हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला, जुटेंगे देश के कई दिग्गज और जाने माने संत

कानपुर में 26 से 30 नवंबर तक लगने जा रहे हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले में RSS के शीर्ष पदाधिकारियों और प्रमुख संतों का जमावड़ा लगेगा. तिरुपति बालाजी के लाइव दर्शन, भव्य प्रतिमा, धर्म प्रचार रथ और पांच दिनों के खास कार्यक्रमों में क्या होगा? जानिए पूरी डिटेल.

ADVERTISEMENT

Hindu Spiritual and Service Fair
Hindu Spiritual and Service Fair
social share
Google CTA

कानपुर में 26 से 30 नवंबर तक पांच दिवसीय भव्य ‘हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला’ आयोजित होने जा रहा है. बेनाझाबर स्थित बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में होने वाले इस समागम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शीर्ष पदाधिकारियों, भाजपा सांसदों और देश के प्रमुख संतों का जमावड़ा लगेगा. मेले का मुख्य आकर्षण तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) की ओर से स्थापित की जाने वाली भगवान वेंकटेश्वर की भव्य प्रतिमा और धर्म प्रचार रथ होगा.

क्या है आयोजन का उद्देश्य और प्रमुख अतिथि?

हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान (HSSF) द्वारा आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सेवा भाव जगाना तथा प्रकृति, परिवार और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है. प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाले इस मेले में देश की कई जानी-मानी हस्तियां शिरकत करेंगी.

संत व आध्यात्मिक विभूतियां: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव स्वामी गोविंद देव गिरि, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, स्वामी मिथिलेश नन्दिनी शरण महाराज और महामण्डलेश्वर स्वामी करौली शंकर महादेव मेले को अपना सानिध्य प्रदान करेंगे.

संघ व प्रमुख विचारक: आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, संस्थान के संस्थापक स्वामीनाथन गुरुमूर्ति, राष्ट्रीय संयोजक गुणवंत सिंह कोठारी, विचारक मुकुल कानिटकर, अशोक बेरी और सीएसजेएम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय पाठक प्रमुख रूप से शामिल होंगे.

तिरुपति बालाजी के होंगे लाइव दर्शन 

मेला आयोजन समिति के सचिव डॉ. अरविन्द कुमार दीक्षित के अनुरोध पर तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने मेले में अपनी भागीदारी को आधिकारिक मंजूरी दे दी है. इसके तहत पांचों दिन मेला परिसर में तिरुपति से लाई गई भगवान वेंकटेश्वर की प्रतिमा विराजमान रहेगी.

श्रद्धालुओं को यहां भगवान वेंकटेश्वर की लाइव आरती, पूजा में शामिल होने और प्रसादम ग्रहण करने का अवसर मिलेगा. इसके साथ ही परिसर में ‘श्री वेंकटेश्वर धर्म प्रचार रथम्’ भी तैनात रहेगा और टीटीडी के धार्मिक व आध्यात्मिक साहित्य के लिए एक विशेष स्टॉल लगाया जाएगा.

पांच दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा

मेले के दौरान प्रतिदिन वंदन कार्यक्रम, वैचारिक संगोष्ठियां और सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जाएंगी.

26 नवंबर: सुबह 10 बजे ‘वृक्ष-गो-तुलसी वन्दन’ से मेले की शुरुआत होगी. दोपहर में स्वामीनाथन गुरुमूर्ति के मुख्य आतिथ्य में विशिष्टजन संगोष्ठी, शाम 4 बजे सेवा प्रदर्शनी व गंगा अवतरणम आरती और शाम 6:30 बजे कवयित्री अनामिका जैन अम्बर द्वारा काव्य पाठ होगा.

27 नवंबर: सुबह ‘कन्या वन्दनम्’, दोपहर में स्वामी ज्ञानानंद महाराज के सानिध्य में श्रीमद्भगवद्गीता संगोष्ठी, शाम 4 बजे दत्तात्रेय होसबोले की उपस्थिति में औपचारिक उद्घाटन समारोह और शाम 6:30 बजे भजन सम्राट कन्हैया मित्तल की भजन संध्या होगी.

28 नवंबर: सुबह ‘आचार्य वन्दनम्’ में डॉ. सुधांशु त्रिवेदी मुख्य वक्ता होंगे. दोपहर में हिन्दू समागम और शाम को ‘हनुमान अंश’ फिल्म के कलाकारों के अनुभव कथन के साथ अखण्ड हनुमान चालीसा पाठ व भजन जैमिंग होगी.

29 नवंबर: सुबह ‘मातृ-पितृ वन्दनम्’, दोपहर 2 बजे से विराट हिन्दू सम्मेलन और शाम को गुरुद्वारा बाबा नामदेव समिति द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा.

30 नवंबर: अंतिम दिन सुबह 10 बजे स्वामी गोविंद देव गिरि के सानिध्य में ‘परमवीर वन्दनम्’ के साथ शहीदों को नमन किया जाएगा. दोपहर 2:30 बजे पुरस्कार वितरण के साथ मेले का समापन होगा.