लेटेस्ट न्यूज़

आजम खान के परिवार से कौन लड़ेगा विधानसभा चुनाव? 2027 के रण को लेकर साफ कर दी तस्वीर

आजम खान के परिवार से कौन लड़ेगा विधानसभा चुनाव? 2027 के रण को लेकर साफ कर दी तस्वीर

ADVERTISEMENT

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने रामपुर की पांचों सीटों और मुरादाबाद मंडल की 80 से 90 फीसदी सीटों पर सपा की जीत सुनिश्चित कराने की बात कही है. वहीं, परिवार के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि 2027 में 'साइकिल' ही लड़ेगी और जीतेगी.

social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. चुनाव से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में जाकर आजम खान से मुलाकात की थी, जिसके बाद से दोनों नेताओं के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म था. अब जमानत पर जेल से बाहर आए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान ने 'यूपी तक' के खास पॉडकास्ट में सीटों और अपने परिवार के चुनाव लड़ने को लेकर खुलकर बात की है. आजम खान ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि वे रामपुर जिले की सभी पांचों सीटें और मुरादाबाद मंडल की 80 से 90 प्रतिशत सीटें समाजवादी पार्टी को जिताकर देंगे. इसके साथ ही उन्होंने गोंडा, बस्ती और बहराइच जिलों में भी अपने प्रभाव का जिक्र करते हुए असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के खिलाफ सियासी समीकरण साधने के साफ संकेत दिए हैं.

46 सीटों के समीकरण पर नजर

पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान आजम खान ने कहा कि उनकी इज्जत सिर्फ रामपुर ही नहीं, बल्कि गोंडा, बस्ती और बहराइच में भी है और वे वहां अपने लोगों के बीच जाएंगे. तंज कसते हुए उन्होंने यह भी कहा कि इसी वजह से उन्हें डर रहता है कि कहीं उन्हें फिर से जेल में न डाल दिया जाए. सियासी आंकड़ों को देखें तो मुरादाबाद मंडल के पांच जिलों (रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर और संभल) में कुल 27 विधानसभा सीटें हैं. वहीं, गोंडा, बस्ती और बहराइच को मिलाकर 19 विधानसभा सीटें हैं. इन कुल 46 सीटों में से करीब 30 सीटें ऐसी हैं, जहां मुस्लिम आबादी 30 प्रतिशत से ज्यादा है. मुरादाबाद मंडल की 27 में से लगभग 24 सीटों और बहराइच की 4 से 5 सीटों पर मुस्लिम वोटर काफी अहम हैं. गौरतलब है कि एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी चुनाव के लिए अपना पहला प्रत्याशी बहराइच से ही घोषित किया है, ऐसे में आजम खान की नजर इन 30 सीटों पर टिकी हुई है.

बड़े बेटे की सियासत से दूरी

जब आजम खान से 2027 के विधानसभा चुनाव में उनके परिवार के किसी सदस्य के चुनाव लड़ने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने अपने खास अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि 140 करोड़ की आबादी वाले देश में कितने लोग सांसद या विधायक बनते हैं, बिना किसी पद के भी लोग इज्जत की जिंदगी जीते हैं. उन्होंने कहा कि अगर मुर्गा बांग नहीं देगा, तो क्या सूरज नहीं निकलेगा. जेल से बाहर आने के बाद उनके बड़े बेटे के चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए आजम खान ने साफ किया कि उनके बड़े बेटे की सियासत में कोई दिलचस्पी नहीं है. उन्होंने बताया कि अपने माता-पिता और भाई का अंजाम देखकर वह राजनीति से बिल्कुल खुश नहीं हैं.

2027 में साइकिल लड़ेगी और जीतेगी

पत्नी या परिवार के किसी अन्य सदस्य के चुनाव लड़ने के सवाल पर आजम खान ने किसी का नाम लेने के बजाय पार्टी के चुनाव चिह्न पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कोई न कोई जरूर लड़ेगा, लेकिन असल में 'साइकिल' लड़ेगी और 'साइकिल' ही जीतेगी. यूपी में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं और सपा मुख्य विपक्षी दल के रूप में अपनी तैयारियों में जुटी है. जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद से ही आजम खान लगातार बयान दे रहे हैं और उनके बयानों के निशाने पर सबसे ज्यादा असदुद्दीन ओवैसी नजर आ रहे हैं. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में आजम खान की यह रणनीति कितना असर दिखाती है.

यह भी पढ़ें: सपा-कांग्रेस साथ चुनाव लड़ेंगे मगर कितनी सीटों पर कौन लड़ेगा, दिल्ली की बैठक में क्या तय हुआ?