शिवपाल यादव के बचाव में उतरे आजम खान, मगर रामपुर सांसद मोहिबुल्ला नदवी के टिकट पर सस्पेंस बढ़ाया!
जेल से रिहाई के बाद आजम खान के तेवर फिर चर्चा में हैं. शिवपाल यादव के गृह मंत्री वाले बयान पर उन्होंने क्या कहा? मोहिबुल्ला नदवी से रिश्तों पर कसा तंज और 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर ऐसा जवाब दिया जिसने सियासी चर्चाएं बढ़ा दीं.
ADVERTISEMENT

जेल से बाहर आने के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान एक बार फिर उत्तर प्रदेश की सियासत में सक्रिय और आक्रामक नजर आ रहे हैं. यूपी Tak से खास बातचीत में उन्होंने न केवल शिवपाल यादव के चर्चित ‘गृह मंत्री’ वाले बयान पर अपना रुख साफ किया बल्कि रामपुर से सपा सांसद मोहिबुल्ला नदवी के साथ अपने सियासी रिश्तों और 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर भी बड़े संकेत दिए हैं.
शिवपाल यादव के ‘गृह मंत्री’ वाले बयान का बचाव
पिछले दिनों शिवपाल यादव ने बयान दिया था कि जेल से बाहर आने के बाद आजम खान को गृह मंत्री बनाया जाएगा जिस पर भाजपा ने सपा को जमकर घेरा था. इस विवाद पर आजम खान ने शिवपाल यादव का बचाव करते हुए कहा कि उनके और शिवपाल के परिवार के बीच बेहद पुराने और आत्मीय संबंध हैं. उन्होंने कहा 'जब हम एक परिवार हैं तो मोहब्बत में कुछ भी कह सकते हैं. उन्होंने यह बात बस प्यार में यूं ही कह दी थी.' हालांकि अपने खास व्यंग्यात्मक अंदाज में आजम खान ने गृह मंत्री पद पर चुटकी भी ली. उन्होंने कहा, 'मुझे तो इस पद के नाम से ही डर लगता है, खुदा की पनाह, नाम सुनकर ही लरज़ जाता हूं.'
मोहिबुल्ला नदवी पर तंज और सियासी संदेश
रामपुर के मौजूदा सपा सांसद मोहिबुल्ला नदवी और आजम खान के बीच की तल्खी किसी से छिपी नहीं है. 2024 के लोकसभा चुनाव में टिकट बंटवारे पर बात करते हुए आजम खान ने माना कि उस वक्त थोड़ा 'कम्युनिकेशन गैप' रह गया था. नदवी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा 'उनके मुकद्दर में सांसद बनना लिखा था जिसे कोई नहीं रोक सकता था. लेकिन इससे नुकसान यह हुआ कि वे संसद की मस्जिद में पांच वक्त की इमामत करते थे, अब वहां लोगों को बगैर इमाम के ही नमाज पढ़नी पड़ रही है.'
पार्टी के प्रति वफादारी और 2029 पर सस्पेंस
अखिलेश यादव द्वारा दोनों नेताओं के बीच सुलह कराने की कोशिशों के सवाल पर आजम खान ने सधे हुए शब्दों में कहा कि उनके बीच कोई झगड़ा नहीं है. उन्होंने नदवी को पार्टी का सम्माननीय सांसद बताते हुए कहा 'मैं समाजवादी पार्टी का फाउंडर हूं, इस बीज को मैंने अपने खून-जिगर से सींचा है, इसलिए मैं पार्टी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता.'
वहीं जब उनसे पूछा गया कि क्या मोहिबुल्ला नदवी 2029 में भी रामपुर से चुनाव लड़ेंगे तो आजम खान ने साफ जवाब देने के बजाय सस्पेंस बनाए रखा. उन्होंने कहा '2029 किसने देखा है? कल और अगले कदम का भरोसा नहीं, 2029 तो अभी बहुत दूर है.' उनके इस बयान को रामपुर की राजनीति में भविष्य की नई बिसात बिछाने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.
