कन्नौज में आगरा टूर से लौट रही कौशांबी के स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत, 24 घायल
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. कौशांबी के सिराथू स्थित ओरिएंट पब्लिक स्कूल की बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में चार बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई.
ADVERTISEMENT

School Bus Accident News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. कौशांबी के सिराथू स्थित ओरिएंट पब्लिक स्कूल की बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में चार बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 स्टूडेंट और स्टाफ के लोग घायल हुए हैं. बस में सवार बच्चे और स्कूल स्टाफ आगरा टूर से लौटकर कौशांबी जा रहे थे. घायलों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. प्रिंसिपल और एक स्टूडेंट की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर किया गया है.
बच्चों को बस से उतारने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक हादसा मंगलवार सुबह करीब 6 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के 209 कट के पास हुआ. ओरिएंट पब्लिक स्कूल की बस आगरा से लखनऊ की ओर जा रही थी. इसी दौरान बच्चों को लघुशंका के लिए बस रोकी गई थी. बच्चे और स्टाफ बस के पास मौजूद थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने बस में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार बच्चों की मौके पर ही जान चली गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
यह भी पढ़ेंः जज की जगह ओवैसी को दे दिया था गार्ड ऑफ ऑनर, अब मामले में कार्रवाई के बाद CO पवन कुमार पद से हटाए गए
प्रिंसिपल और एक स्टूडेंट की हालत गंभीर
इस हादसे में कुल 24 स्टूडेंट और स्टाफ के लोग घायल हुए हैं. घायलों को इलाज के लिए तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. इनमें स्कूल के प्रिंसिपल और एक स्टूडेंट की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद दोनों को रेफर कर दिया गया. बाकी घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है. पुलिस के मुताबिक अन्य घायलों को दूसरे वाहन से कौशांबी भेजने की व्यवस्था भी की जा रही है.
अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने पर कन्नौज के जिलाधिकारी आशुतोष मोहन और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने घायल बच्चों के इलाज की स्थिति देखी और हादसे की जानकारी ली. एसपी विनोद कुमार ने बताया, 'बस आगरा से लखनऊ की ओर जा रही थी. कौशांबी के सिराथू स्थित ओरिएंट स्कूल की बस को पीछे से ट्रक ने टक्कर मारी. इस घटना में चार बच्चों की मौत हुई है और 24 स्टाफ सहित स्टूडेंट घायल हुए हैं. प्रिंसिपल और एक स्टूडेंट की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर किया गया है.' पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है.
यह भी पढ़ेंः चंदौली में बीजेपी MLA सुशील सिंह के काफिले का हुआ सड़क हादसा, स्कॉर्पियो ने तीन गाड़ियों को मारा टक्कर, 4 घायल
