जज की जगह ओवैसी को दे दिया था गार्ड ऑफ ऑनर, अब मामले में कार्रवाई के बाद CO पवन कुमार पद से हटाए गए
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गलती से गार्ड ऑफ ऑनर देने के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है. सदर सर्किल के सर्कल ऑफिसर (CO) पवन कुमार को उनके पद से हटाकर CO ट्रैफिक की जिम्मेदारी दी गई है.
ADVERTISEMENT

Saharanpur Police News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गलती से गार्ड ऑफ ऑनर देने के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है. सदर सर्किल के सर्कल ऑफिसर (CO) पवन कुमार को उनके पद से हटाकर CO ट्रैफिक की जिम्मेदारी दी गई है. यह फैसला उस घटना की जांच के बाद लिया गया है, जिसमें पुलिसकर्मियों ने सर्किट हाउस में ओवैसी को सुप्रीम कोर्ट का जज समझकर सलामी दे दी थी. मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने संबंधित पोस्ट हटाने के लिए X को पत्र भी भेजा है.
CO पवन कुमार को मिली ट्रैफिक की जिम्मेदारी
सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक ने बताया कि सदर सर्किल के CO पवन कुमार को उनके पद से हटाकर सर्कल ऑफिसर ट्रैफिक के पद पर तैनात किया गया है. उन्होंने कहा कि गार्ड ऑफ ऑनर देने की घटना की जांच अभी जारी है. उस समय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किस स्तर पर चूक हुई और पुलिसकर्मियों ने ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर क्यों दे दिया. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ेंः अयोध्या से जनकपुर जाने वाली ट्रेन में बैठने से पहले जान लें ये नियम, वरना टिकट होने के बावजूद भी नहीं कर पाएंगे सफर
वीडियो हटाने के लिए X को भेजा पत्र
इस मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को भी पत्र लिखा है. एसपी ग्रामीण मयंक पाठक के मुताबिक संबंधित वीडियो और पोस्ट को हटाने का अनुरोध किया गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया था. पुलिस अब एक तरफ घटना के दौरान मौजूद कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रही है, तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो और पोस्ट को हटाने की कोशिश भी कर रही है.
सर्किट हाउस में ओवैसी को दी गई थी सलामी
यह पूरा मामला शनिवार का है, जब असदुद्दीन ओवैसी सहारनपुर के सर्किट हाउस पहुंचे थे. उसी दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया. दरअसल, सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक जज के आने का कार्यक्रम था. उनके स्वागत के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी और गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी की गई थी. लेकिन जज के पहुंचने से पहले ओवैसी सर्किट हाउस आ गए. पुलिसकर्मियों ने उन्हें ही वह व्यक्ति समझ लिया, जिनके स्वागत के लिए सलामी की तैयारी की गई थी.
यह भी पढ़ेंः अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच चलेगी 'सरयू-कमला एक्सप्रेस', जानें कहां और कब रुकेगी यह ट्रेन?
सुरक्षाकर्मियों को देखकर हुई गलतफहमी
जानकारी के मुताबिक ओवैसी के साथ उनके सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे. उन्हें देखकर पुलिसकर्मियों को गलतफहमी हुई और उन्होंने AIMIM प्रमुख को सुप्रीम कोर्ट का जज समझ लिया. इसके बाद जवानों ने पूरे सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया. इस दौरान ओवैसी भी खड़े होकर सलामी लेते नजर आए. घटना सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने जांच शुरू की थी. अब इसी मामले में सदर CO पवन कुमार को हटाकर ट्रैफिक की जिम्मेदारी सौंप दी गई है, जबकि मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच जारी है.
