लेटेस्ट न्यूज़

आजम खान के हमलों के बीच आ गया ओवैसी का तगड़ा जवाब, बोले-हमारे पांव का कांटा हमीं से निकलेगा

आजम खान और असदुद्दीन ओवैसी के बीच जुबानी जंग ने यूपी की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है. आजम के आरोपों पर ओवैसी ने शायरी से जवाब दिया, तो इटावा में कार्यकर्ताओं ने बिरयानी बांटकर ऐसा पलटवार किया, जिसने सबका ध्यान खींचा.

ADVERTISEMENT

Asaduddin Owaisi On Azam Khan
Asaduddin Owaisi and Azam Khan (File Photo)
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. एक पॉडकास्ट में आजम खान द्वारा ओवैसी पर तीखे हमले और उन्हें भाजपा की स्क्रिप्ट पर काम करने वाला बताने के बाद अब ओवैसी ने शायराना अंदाज में पलटवार किया है. वहीं उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर प्रतीकात्मक जवाब देना शुरू कर दिया है.

आजम के तीखे आरोप और ओवैसी का शायराना पलटवार

हाल ही में एक पॉडकास्ट बातचीत के दौरान आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी को आड़े हाथों लेते हुए कहा था कि वह किसी और के इशारे पर काम कर रहे हैं और उत्तर प्रदेश में उनकी दाल नहीं गलने दी जाएगी. आजम ने यह भी सवाल उठाया था कि यदि हमदर्दी थी तो बीमार पत्नी से मिलने या एक मिस कॉल करने तक क्यों नहीं आए.

इन हमलों के बाद असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया पर ‘द हिंदू’ के एक लेख का हवाला देते हुए इशारों में जवाब दिया. ओवैसी ने लिखा कि सेक्युलर पार्टियों के मुस्लिम नेता अपने नेताओं से सवाल पूछने के बजाय मुझसे ज्यादा सवाल पूछते हैं. इसके साथ ही उन्होंने राहत इंदौरी का शेर साझा किया 'न हमसफर न किसी हमनशीं से निकलेगा, हमारे पांव का कांटा हमीं से निकलेगा' जिसके जरिए उन्होंने मुस्लिम प्रतिनिधित्व और राजनीति को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया.

इटावा में बिरयानी के जरिए प्रतीकात्मक जवाब

यह टकराव केवल बयानों और सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है बल्कि अब प्रतीकों की लड़ाई में बदलता दिख रहा है. आजम खान ने एक बयान में कहा था कि उनके इलाके में हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती बल्कि पुलाव और मटन बिरयानी खाई जाती है. इसके जवाब में इटावा में AIMIM नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम इलाकों में हैदराबादी बिरयानी बंटवाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया.

सपा के भीतर बढ़ी बेचैनी

आजम खान और ओवैसी के बीच बढ़ते इस टकराव ने समाजवादी पार्टी के भीतर भी चर्चा और चिंता बढ़ा दी है. पार्टी के कई नेताओं का मानना है कि ओवैसी को सीधे निशाने पर लेने से मुसलमानों के एक हिस्से में नाराजगी पैदा हो सकती है जिससे सपा को नुकसान उठाना पड़ सकता है. साथ ही इस खींचतान से ध्रुवीकरण और भाजपा को सियासी फायदा मिलने की आशंका को लेकर भी सपा खेमे में बेचैनी देखी जा रही है.

ये भी पढ़ें: सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस की आज फिर बैठक, यूपी के इन 26 सीटों का ऑफर दे सकती है अखिलेश की पार्टी!