अनंत सिंह की बेटी की शादी में पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह, बोले- 'आपका दबदबा पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा.'
अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी में बृजभूषण शरण सिंह की एंट्री ने सबका ध्यान खींचा. मंच से उन्होंने अनंत सिंह के दबदबे को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसकी खूब चर्चा हो रही है. हेलीकॉप्टर से पहुंचे बृजभूषण ट्रैक्टर पर बैठकर क्यों लौटे?
ADVERTISEMENT

बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी का भव्य समारोह हाल ही में संपन्न हुआ. किसी शाही आयोजन की तरह सजे इस समारोह में बिहार और उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं. इस दौरान उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से पूर्व भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की मौजूदगी और मंच से अनंत सिंह को लेकर दिया गया उनका बयान सबसे ज्यादा चर्चा में रहा.
'आपका दबदबा पहले भी था...आगे भी रहेगा'
अनंत सिंह की बेटी की शादी में पहुंचे बृजभूषण सिंह ने घुड़दौड़ का आनंद लिया. लेकिन शादी में भारी भीड़ के चलते बृजभूषण को ट्रैक्टर पर चढ़ना पड़ा. शादी समारोह में वर-वधू को आशीर्वाद देने पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह को जब मंच से संबोधन के लिए बुलाया गया तो उन्होंने अनंत सिंह के प्रति अपने पारिवारिक और आत्मीय संबंधों का जिक्र किया. सामने मौजूद भारी भीड़ के बीच बृजभूषण शरण सिंह ने अनंत सिंह को संबोधित करते हुए कहा 'ज्यादा न बोलते हुए अनंत सिंह जी से कहना चाहता हूं कि आपका दबदबा पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा.'
बृजभूषण शरण सिंह के इस बयान के साथ ही पंडाल में मौजूद समर्थकों में उत्साह देखने को मिला और लोगों ने नारे लगाकर उनका स्वागत किया. मंच से दिए गए इस संबोधन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा .
भीड़ और स्वागत देखकर अभिभूत दिखे पूर्व सांसद
अपने संबोधन के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने आयोजन की भव्यता और लोगों की भारी भीड़ की सराहना की. उन्होंने कहा कि वे यहां बेटी को आशीर्वाद देने आए हैं और अनंत सिंह को अपनी बिटिया की शादी में जो प्यार व सम्मान मिल रहा है, वैसा नजारा उन्होंने पहले नहीं देखा.
इस दौरान उनके साथ भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह, श्रृंगी ऋषि हनुमानगढ़ के महंत बाबा हेमंत दास, पहलवान केशवदास, साधुदास और उनके दामाद विशाल भी मौजूद रहे. बृजभूषण शरण सिंह ने बताया कि अनंत सिंह के परिवार और उनके बीच पुराना आना-जाना और गहरा जुड़ाव रहा है.
हेलीकॉप्टर से एंट्री और ट्रैक्टर से विदाई बनी आकर्षण का केंद्र
समारोह में बृजभूषण शरण सिंह का अनोखा अंदाज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा. वे हेलीकॉप्टर के जरिए शादी समारोह में पहुंचे थे, जबकि कार्यक्रम से निकलते समय उन्हें ट्रैक्टर पर सवार होकर जाते देखा गया. 'छोटे सरकार' की बेटी की शादी में यूपी और बिहार के इन दो चर्चित सियासी चेहरों की मुलाकात और बृजभूषण शरण सिंह का यह अंदाज पूरे इलाके में सुर्खियां बटोर रहा है.
