लेटेस्ट न्यूज़

यूपी का अगला CM बनने की दौड़ में कौन आगे? ताजा सर्वे में पता चला

यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद को लेकर हुए SCORE के ओपिनियन पोल में योगी आदित्यनाथ, अखिलेश यादव और मायावती को लेकर लोगों की पसंद सामने आई है.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद को लेकर भी राजनीतिक चर्चा तेज है. बीजेपी की ओर से योगी आदित्यनाथ सरकार की वापसी की कोशिश की जा रही है तो समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी सत्ता में लौटने की तैयारी में जुटे हैं. दूसरी तरफ बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती भी चुनावी मैदान में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही हैं.

इस बीच SCORE के उत्तर प्रदेश ओपिनियन पोल में लोगों से पूछा गया कि वे अगले मुख्यमंत्री के रूप में किसे देखना चाहते हैं. इस सवाल पर आए जवाबों में योगी आदित्यनाथ सबसे आगे रहे. अखिलेश यादव दूसरे और मायावती तीसरे स्थान पर रहीं.

मुख्यमंत्री पद के लिए योगी आदित्यनाथ पहली पसंद

SCORE के सर्वे के मुताबिक, 35.29 प्रतिशत लोगों ने योगी आदित्यनाथ को अगले मुख्यमंत्री के रूप में अपनी पसंद बताया. इस सूची में दूसरे नंबर पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव हैं. उन्हें 26.50 प्रतिशत लोगों ने मुख्यमंत्री पद के लिए पसंद किया.

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती इस सूची में तीसरे नंबर पर हैं. 8.59 प्रतिशत लोगों ने उन्हें अगला मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा जताई. इनके अलावा आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को 1.90 प्रतिशत लोगों ने मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पसंद बताया. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को 1.25 प्रतिशत और बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह को 1 प्रतिशत लोगों ने पसंद किया.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 0.27 प्रतिशत लोगों ने अपनी पसंद बताया है. बीजेपी के नेता और यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को 0.14 प्रतिशत लोगों ने मुख्यमंत्री पद के लिए चुना. इनके अलावा 2.39 प्रतिशत लोगों ने दूसरे नेताओं के नाम बताए. 

कितने लोग अभी तय नहीं कर पाए अपनी पसंद?

22.7 प्रतिशत लोग ऐसे हैं, जिन्होंने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वे अगले मुख्यमंत्री के रूप में किसे देखना चाहते हैं. मुख्यमंत्री पद की पसंद को लेकर सभी मतदाताओं की राय एक जैसी नहीं है. योगी, अखिलेश और मायावती के अलावा भी एक बड़ा हिस्सा ऐसा है, जिसने किसी नाम पर अपनी सहमति नहीं दी.

योगी और अखिलेश के संतुष्टि स्कोर में कितना अंतर?

सर्वे में दोनों प्रमुख नेताओं के संतुष्टि स्कोर का भी जिक्र किया गया है. योगी आदित्यनाथ को 100 में से 69.6 अंक मिले हैं, जबकि अखिलेश यादव का संतुष्टि स्कोर 68.3 रहा. दोनों के बीच इस पैमाने पर अंतर 1.3 अंक का है.

कितने लोगों से पूछी गई राय?

SCORE ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के 91,429 मतदाताओं से राय लेकर अपना पहला ओपिनियन पोल तैयार किया है. इसके नतीजे 25 नवंबर 2026 को जारी किए गए. सर्वे के मुताबिक, अगला राउंड 25 दिसंबर 2026 को जारी किया जाएगा.

यह सर्वे मतदाताओं की मौजूदा पसंद को दिखाता है. इसे 2027 के विधानसभा चुनाव का अंतिम नतीजा नहीं माना जा सकता.