लेटेस्ट न्यूज़

Survey: सपा-कांग्रेस ने साथ चुनाव लड़ा तो यूपी में किसकी बनेगी सरकार? ताजा सर्वे ने चौंकाया

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में अगर सपा और कांग्रेस साथ आती हैं तो सीटों का गणित कैसा हो सकता है? SCORE के नए ओपिनियन पोल में NDA और INDIA गठबंधन के लिए सीटों का अनुमान लगभग एक-दूसरे के करीब बताया गया है.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. बीजेपी जहां सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटी है, वहीं समाजवादी पार्टी भी चुनावी समीकरण साधने में लगी है. कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन को लेकर भी चर्चाएं होती रही हैं. दोनों पार्टियां अगर एक साथ चुनाव मैदान में उतरती हैं तो प्रदेश का चुनावी गणित किस तरह बदल सकता है, यह सवाल राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय है.

इसी बीच उत्तर प्रदेश को लेकर एक नया ओपिनियन पोल सामने आया है. इसमें अलग-अलग पार्टियों के संभावित प्रदर्शन के साथ सपा और कांग्रेस के वोट जोड़कर गठबंधन की सीटों का अनुमान भी लगाया गया है. सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि दोनों पार्टियों के साथ आने पर मुकाबला NDA के साथ काफी करीबी रह सकता है. लेकिन सीटों के इस गणित में किस गठबंधन के लिए क्या संभावनाएं दिखाई गई हैं और बहुमत का आंकड़ा किसके लिए कितना दूर है, आइए समझते हैं.

किस गठबंधन को मिल सकती हैं ज्यादा सीटें?

SCORE के उत्तर प्रदेश ओपिनियन पोल Round 1 के मुताबिक, 403 विधानसभा सीटों वाले प्रदेश में NDA को 181 से 226 सीटें मिलने का अनुमान है. दूसरी तरफ, सपा और कांग्रेस के वोट जोड़ने पर INDIA गठबंधन की सीटें 174 से 219 के बीच रह सकती हैं. दोनों गठबंधनों के सीटों के अनुमान एक-दूसरे के काफी करीब हैं. सरकार बनाने के लिए किसी भी गठबंधन को कम से कम 202 सीटों की जरूरत होगी.

सपा-कांग्रेस के साथ आने पर क्या बन रहा है सीटों का गणित?

सर्वे में लोगों से नहीं पूछा गया था कि वे किस गठबंधन को वोट देंगे. उनसे अलग-अलग पार्टियों के लिए वोट देने की पसंद पूछी गई. इसकी वजह बताई गई कि अभी  तय नहीं है कि सपा और कांग्रेस गठबंधन होने पर किस विधानसभा सीट से कौन-सी पार्टी चुनाव लड़ेगी.

इसके बाद दोनों पार्टियों के सीटवार आंकड़ों को जोड़कर INDIA गठबंधन का अनुमान तैयार किया गया. इसमें सपा और कांग्रेस के संभावित प्रदर्शन को मिलाकर 174 से 219 सीटों का दायरा सामने आया.

NDA के लिए भी सीटों का अनुमान 181 से 226 रखा गया है. दोनों गठबंधनों के अनुमानित आंकड़ों में काफी समानता है. इसका मतलब है कि सर्वे के मुताबिक मुकाबला किसी एक गठबंधन के पक्ष में एकतरफा नहीं है. हालांकि, इन आंकड़ों को चुनाव का अंतिम परिणाम नहीं माना जा सकता.

अकेले सपा और बीजेपी की कितनी सीटें?

सर्वे में बीजेपी और सपा के अलग-अलग प्रदर्शन का अनुमान भी दिया गया है. इसके मुताबिक, बीजेपी अकेले 177 से 215 विधानसभा सीटें जीत सकती है. समाजवादी पार्टी के खाते में 160 से 202 सीटें आने का अनुमान लगाया गया है.

वोट शेयर के मामले में भी दोनों पार्टियों के बीच अंतर कम बताया गया है. सर्वे के अनुसार, सपा का वोट शेयर 37 प्रतिशत और बीजेपी का 36.7 प्रतिशत है. SCORE के संस्थापक नरेश अरोड़ा ने कहा कि दोनों पार्टियां अकेले लगभग 37 प्रतिशत वोट शेयर पर हैं. गठबंधन के हिसाब से NDA की बढ़त सिर्फ 2.35 प्रतिशत अंक है.

महिलाओं और पुरुषों के वोट में अलग-अलग रुझान

सर्वे में महिला और पुरुष मतदाताओं की पसंद के आंकड़े भी दिए गए हैं. महिलाओं में 46.2 प्रतिशत ने NDA और 31.5 प्रतिशत ने सपा का समर्थन किया है. पुरुषों में तस्वीर इसके उलट है. यहां 41.9 प्रतिशत पुरुषों ने सपा और 35.1 प्रतिशत ने NDA के पक्ष में अपनी पसंद बताई.

योगी और अखिलेश में कौन है मुख्यमंत्री पद की पहली पसंद?

सर्वे में मुख्यमंत्री पद के लिए लोगों की पसंद भी पूछी गई. इसमें 35.3 प्रतिशत लोगों ने योगी आदित्यनाथ का नाम लिया. अखिलेश यादव को 26.5 प्रतिशत और मायावती को 8.6 प्रतिशत लोगों ने अगला मुख्यमंत्री बताया.

22.7 प्रतिशत लोग ऐसे भी थे, जिन्होंने इस सवाल पर अपनी पसंद तय नहीं की थी. नेताओं के संतुष्टि स्कोर में योगी आदित्यनाथ को 100 में से 69.6 और अखिलेश यादव को 68.3 अंक मिले.

कितने लोगों पर हुआ सर्वे?

उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के 91,429 मतदाताओं से राय ली गई. सर्वे के नतीजे 25 नवंबर 2026 को जारी किए गए. कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ये आंकड़े मौजूदा राजनीतिक माहौल और मतदाताओं की पसंद को दिखाते हैं. इन्हें चुनाव के अंतिम नतीजे की भविष्यवाणी नहीं माना जाना चाहिए. सर्वे का अगला राउंड 25 दिसंबर 2026 को जारी करने की बात कही गई है.

ये भी पढ़ें- महिलाओं को 40000 रुपये और 300 यूनिट बिजली फ्री, सपा के मेनिफेस्टो में हो सकते हैं ये 7 वादे