लेटेस्ट न्यूज़

इमरान मसूद को अब अखिलेश ने दिया जवाब, बोले- नाव कभी इस तट पर तो कभी उस तट पर

इमरान मसूद के बयान पर अखिलेश यादव ने सीधे जवाब देने के बजाय नाव का उदाहरण देकर अपनी बात रखी. उन्होंने कांग्रेस के साथ गठबंधन, 26 सीटों के प्रस्ताव और बीजेपी को हराने की रणनीति पर भी जवाब दिया. जानिए, सहारनपुर की सीटों को लेकर इमरान मसूद क्यों नाराज हैं और 2027 से पहले सपा-कांग्रेस के बीच क्या खींचतान चल रही है.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधने के बाद अब सपा प्रमुख ने भी जवाब दिया है. एक इंटरव्यू के दौरान जब अखिलेश यादव से इमरान मसूद के बयान को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने सीधे जवाब देने के बजाय नाव का उदाहरण दे दिया. उन्होंने कहा कि नाव कभी इस तट पर होती है तो कभी दूसरे तट पर. कभी इस तरफ से लोग चढ़ते हैं और दूसरी तरफ उतर जाते हैं.

दरअसल, एबीपी शिखर सम्मेलन में अखिलेश यादव से पूछा गया कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी का ये हाल क्यों कर दिया? इमरान मसूद पानी पीकर इसी मंच से उन्हें कोसकर गए हैं. इस पर अखिलेश ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस का कोई हाल नहीं किया है. समाजवादी पार्टी पहले दिन से चाहती है कि सभी गठबंधन के साथी मिलकर चुनाव लड़ें.

सीटों के फैसले पर क्या बोले अखिलेश?

अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन का मकसद सभी धर्मनिरपेक्ष दलों को एक साथ लाकर बीजेपी को हराना है. उनके मुताबिक, समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता सीटों की संख्या नहीं, बल्कि गठबंधन की जीत है. उन्होंने कहा कि सीटों पर फैसला आपसी बातचीत और सहमति से होगा.

26 सीटों के ऑफर पर भी बोले अखिलेश

इंटरव्यू में कांग्रेस को 26 सीटें देने के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जिन 26 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है, उनमें से 16 सीटों पर पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी की जमानत जब्त हो गई थी. सवाल किया कि क्या सपा ने कांग्रेस को ऐसी सीटें दी हैं, जहां उसके जीतने की संभावना कम है?

इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी जानती है कि चुनाव कैसे जिताया जाता है. उन्होंने कहा कि पार्टी का कैडर पिछले कई वर्षों से लगातार काम कर रहा है. उनके मुताबिक, पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत का असर चुनाव में भी दिखाई देगा.

अखिलेश ने इस दौरान SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मेहनत करके अपने वोट कटने नहीं दिए, बल्कि मतदाता सूची में अपने वोट जुड़वाए भी हैं. उन्होंने इसके लिए पार्टी के PDA प्रहरियों को धन्यवाद दिया.

इमरान मसूद क्यों नाराज हैं? 

इमरान मसूद की नाराजगी की दो बड़ी वजहें हैं. पहली, सपा ने सीट बंटवारे पर बातचीत के दौरान कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटों का प्रस्ताव दिया, जबकि कांग्रेस ने पहले 130 सीटों की सूची सपा को सौंपी थी. दूसरी वजह सपा की ओर से पांच विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान करना है, जबकि दोनों दलों के बीच गठबंधन की बातचीत पूरी नहीं हुई थी. इनमें सहारनपुर और बेहट सीट भी शामिल हैं. 

ये दोनों सीटें इमरान मसूद के गृह जिले सहारनपुर में आती हैं. मसूद चाहते हैं कि कांग्रेस इन सीटों पर चुनाव लड़े. उनका कहना है कि गठबंधन में सहयोगी के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए, किसी एक दल को दूसरे पर अपनी शर्तें नहीं थोपनी चाहिए. इसी नाराजगी में उन्होंने कहा था कि कांग्रेस किसी से भीख नहीं मांग रही है.

2024 में कांग्रेस को मिली थीं 17 लोकसभा सीटें

सपा और कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में गठबंधन करके चुनाव लड़ा था. सीट बंटवारे के तहत कांग्रेस को 17 और समाजवादी पार्टी को 63 सीटें मिली थीं. इस गठबंधन ने चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया था. कांग्रेस ने छह लोकसभा सीटें जीती थीं, जबकि सपा ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की थी. 

अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर फिर बातचीत चल रही है. सपा की ओर से कांग्रेस के लिए 26 सीटों का प्रस्ताव चर्चा में है, जबकि कांग्रेस अधिक सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है. 25 नवंबर को सपा की ओर से उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद भी कांग्रेस की तरफ से नाराजगी सामने आई. इमरान मसूद ने इसे गठबंधन के लिहाज से सही तरीका नहीं बताया.